लखनऊ। यूपी में नर्सिंग का कॅरियर चुनने वाले छात्र छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। उत्तर प्रदेश के राजकीय और निजी जीएनएम (GNM) कॉलेजों में एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी (ABVMU) ही कराएगा। मतलब सरकारी हो या प्राइवेट (जो किसी अन्य मेडिकल विवि से संबद्ध नहीं हैं) सभी नर्सिंग कॉलेजों में एडमिशन के लिए अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी (ABVMU) परीक्षा देना अनिवार्य होगा।
अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी (ABVMU) की प्रवेश समिति की बैठक में शैक्षिक सत्र 2026-27 के दाखिले को लेकर शनिवार को यह अहम फैसला लिया गया। इसके तहत अब सभी सरकारी नर्सिंग कॉलेजों और प्राइवेट कॉलेजों में प्रवेश परीक्षा अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी कराएगा, जो किसी अन्य मेडिकल विवि से संबद्ध नहीं हैं। दूसरी ओर, किसी निजी मेडिकल यूनिवर्सिटी से संबद्ध जीएनएम कॉलेजों में दाखिले और परीक्षा की पूरी जिम्मेदारी उसी विश्वविद्यालय की होगी।
यूपी में जीएनएम की कुल सीटें
नर्सिंग में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए प्रदेश में सीटों का एक बड़ा दायरा है:
- सरकारी कॉलेज: 10 (कुल सीटें- 513)
- प्राइवेट कॉलेज: 433 (कुल सीटें- 20,245)
सफल अभ्यर्थियों को गृह जनपद में मिलेगी तरजीह
शनिवार को अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी की प्रवेश समिति की इस अहम बैठक में कुलपति डॉ. अमित देवगन, डीन डॉ. अशोक विश्नोई, परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला और स्टेट मेडिकल फैकल्टी के सचिव डॉ. अनुराग श्रीवास्तव मौजूद रहे।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने जानकारी दी कि प्रदेश के सभी जीएनएम कॉलेज वर्तमान में स्टेट मेडिकल फैकल्टी से संबद्ध हैं। नए सत्र में प्रवेश पाने वाले सफल अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद में ही दाखिले के लिए वरीयता दी जाएगी, जिससे छात्रों को सहूलियत मिल सके।
जल्द घोषित होगा दाखिले का कार्यक्रम
परीक्षा में पूरी पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। डॉ. शुक्ला ने बताया कि अच्छे और कुशल नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ तैयार करने के उद्देश्य से कॉलेजों में गुणवत्तापरक शिक्षा के मानकों को लगातार परखा जा रहा है। प्रवेश परीक्षा की तारीखों और दाखिले के विस्तृत कार्यक्रम का ऐलान जल्द ही आधिकारिक तौर पर किया जाएगा।




