सफेद कोट पहन ली डॉक्टर धर्म निभाने की शपथ
लोहिया संस्थान में एमबीबीएस बैच 2026 की व्हाइट कोट सेरेमनी

लखनऊ। सफेद कोट पहनने के साथ ही एमबीबीएस के नए छात्रों ने मरीजों की सेवा, उनकी गोपनीयता का सम्मान करने और चिकित्सा के पेशे की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया।
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) में बुधवार को एमबीबीएस बैच 2026 के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी एवं महर्षि चरक शपथ ग्रहण समारोह हुआ, जहा छात्रों को याद दिलाया गया कि डॉक्टर बनना केवल एक पेशा अपनाना नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और मरीजों के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी है।
संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. सीएम सिंह, डीन प्रो. डॉ. राजन भटनागर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. विक्रम सिंह और पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. प्रद्युम्न सिंह ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा के साथ संवेदनशीलता, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने की सीख दी।
यह भी पढ़ें
- KGMU MBBS BDS 2026 Batch की इंडक्शन सेरेमनी: नए डॉक्टरों ने ली चरक शपथ, मानवीय संवेदनाएं ही अच्छे डॉक्टर की असली पहचान: VC
- World Sight Day लोहिया संस्थान में नई लेजर यूनिट का उद्घाटन कल, डायबिटिक रेटिनोपैथी पर होगी विशेष वर्कशॉप
- लोहिया संस्थान के स्थापना दिवस पर बोले योगी आर्गन ट्रांसप्लांट की वेटिंग कम करने पर काम करें
इसके बाद मंच पर उपस्थित अतिथियों ने एमबीबीएस बैच 2026 के छात्र-छात्राओं को सफेद कोट पहनाया। यह समारोह छात्रों के चिकित्सकीय जीवन की शुरुआत का प्रतीक बना। कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर (जूनियर ग्रेड) डॉ. पीयूष कारीवाला ने सफेद कोट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कोट डॉक्टर की पहचान के साथ उसके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी प्रतीक है।
समारोह में छात्र-छात्राओं ने महर्षि चरक शपथ ग्रहण की। उन्होंने मरीजों के प्रति करुणा रखने, उनकी निजता का सम्मान करने, अपनी चिकित्सकीय क्षमता के अनुरूप उपचार करने और प्रत्येक मानव जीवन की गरिमा बनाए रखने के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मिली सेंगर ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह ने नए मेडिकल छात्रों को यह संदेश दिया कि सफेद कोट के साथ मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, ईमानदारी और सेवा का दायित्व भी आता है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




