दीपोत्सव-2026: रामायण थीम पर सजेगी रामनगरी; 10 भव्य प्रवेश द्वार, 20 सेल्फी पॉइंट और पुष्पक विमान बढ़ाएंगे अयोध्या की शोभा

लखनऊ/अयोध्या, 7 अक्टूबर: दीपोत्सव-2026 में आस्था, संस्कृति और आधुनिकता के संगम से रामनगरी अयोध्या एक बार फिर इतिहास रचने के लिए तैयार है। आगामी 6 से 8 नवंबर तक होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने इस बार रामायण की जीवंत थीम पर पूरी अयोध्या को सजाने की व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। 7 नवंबर को दीपोत्सव का मुख्य आयोजन होगा, जिसमें दिव्य दीपों की रोशनी के साथ-साथ कलात्मक सजावट, रचनात्मक आकृतियां और भव्य झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को बेहद रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। रामायण की थीम पर होने वाली सजावट, कलात्मक स्थापनाएं (आर्ट इंस्टालेशंस) और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था श्रद्धालुओं व पर्यटकों को रामनगरी के दिव्य स्वरूप का नया अनुभव कराएंगी।
अयोध्या के प्रवेश मार्गों पर बनेंगे 10 भव्य द्वार
दीपोत्सव के दौरान लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली से अयोध्या की ओर आने वाले प्रमुख हाईवे और प्रसिद्ध ‘धर्म पथ’ पर रामायण की थीम पर आधारित 10 भव्य प्रवेश द्वार (डेकोरेटिव गेट्स) बनाए जा रहे हैं। भारतीय संस्कृति, पारंपरिक प्रतीकों और रामायण के प्रसंगों से सजे ये द्वार श्रद्धालुओं के अयोध्या प्रवेश करते ही उन्हें उत्सव की दिव्यता का अहसास कराएंगे। पर्यटकों की सहूलियत के लिए शहर के 10 मुख्य स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर (मार्गदर्शक बोर्ड) भी लगाए जाएंगे।
रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर 20 सेल्फी पॉइंट
स्मृतियों को कैमरे में कैद करने के लिए रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 (कुल 20) अलग-अलग थीम और थ्री-डी (3D) डिजाइन वाले सेल्फी पॉइंट स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा, लता मंगेशकर चौक से लेकर राम की पैड़ी मार्ग तक की सड़कों को सुंदर कलाकृतियों से सजाया जाएगा।
मुख्य आकर्षण: पुष्पक विमान, राम रथ और फ्लोटर्स
रामायण काल को जीवंत करने के लिए राम की पैड़ी के पास ‘पुष्पक विमान’ और ‘राम दरबार’ की भव्य रोडसाइड आकृतियां (इंस्टॉलेशन) तैयार की जा रही हैं। इसके साथ ही, रामकथा पार्क के पास हेलीपैड क्षेत्र में भरत मिलाप मंच और पाथवे विकसित किए जाएंगे। सरयू नदी की लहरों पर दीपोत्सव के दौरान तैरते हुए आकर्षक फ्लोटर्स और भव्य राम रथ की झांकियां इस बार उत्सव की भव्यता को और बढ़ाएंगी। रामायण के प्रमुख प्रसंगों और कांडों (लंका कांड आदि) को बेहद सरल भाषा में एक-एक पंक्ति के माध्यम से मार्गों के किनारे दर्शाया जाएगा।
नए कलेवर में दिखेगा राम कथा मंच
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मुख्य केंद्र रामकथा पार्क के स्थायी मंच को नया रूप दिया जा रहा है। यहां अत्याधुनिक ध्वनि व प्रकाश (Sound and Light) व्यवस्था, बड़ी एलईडी स्क्रीनें, रंग-बिरंगी पुष्प सज्जा और भव्य रंगोलियां बनाई जाएंगी। राम कथा पार्क के प्रवेश और निकास द्वारों पर रामायण के प्रेरक प्रसंगों को उकेरा जाएगा।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात ने कहा कि दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की पौराणिक पहचान को आधुनिक रचनात्मकता के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है, जो पर्यटकों के मन में एक अविस्मरणीय छाप छोड़ेगा।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




