UP

यूपी में 19 लाख मतदाता बढ़े, 13.58 करोड़ पहुंची संख्या

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी। नई सूची के मुताबिक प्रदेश में करीब 18.84 लाख मतदाता बढ़े हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है। इससे पहले मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची के आंकड़े जारी किए।

जारी आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता हैं। वहीं, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11 लाख 83 हजार 352 मतदाता सूची में शामिल हैं।

अनुमानित संख्या से 2.58 करोड़ कम मतदाता

ड्राफ्ट मतदाता सूची के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में जनसंख्या के अनुमान के आधार पर मतदाताओं की संख्या करीब 2 करोड़ 58 लाख 16 हजार कम है। अनुमानित आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 8 करोड़ 32 लाख 76 हजार पुरुष मतदाता होने चाहिए, जबकि सूची में इनकी संख्या 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 है। इस तरह करीब 94.17 लाख पुरुष मतदाता कम हैं। इसी तरह प्रदेश में अनुमान के मुताबिक 7 करोड़ 84 लाख 9 हजार महिला मतदाता होनी चाहिए, जबकि ड्राफ्ट सूची में 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिलाएं दर्ज हैं। यानी अनुमानित संख्या से करीब 1.64 करोड़ महिला मतदाता कम हैं।

16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदाता 16 दिसंबर तक सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने या विवरण में संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

धर्म और जाति के आधार पर नहीं काटे गए वोट

मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने के दावों पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि मतदाता सूची में धर्म और जाति से जुड़ा कोई विवरण दर्ज नहीं होता है। विभाग के पास भी इस तरह का कोई आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी धर्म या जाति विशेष को निशाना बनाकर मतदाताओं के नाम नहीं काटे गए हैं। आयोग के पास मतदाताओं की उम्र और लिंग से संबंधित आंकड़े उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बाद की मतदाता सूची डाउनलोड कर कोई भी उसका विश्लेषण कर सकता है।

भाजपा शुरू करेगी मतदाता जोड़ो अभियान

ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के साथ ही भाजपा ने भी प्रदेश में मतदाता जोड़ो अभियान शुरू कर दिया है। विधानसभा चुनाव से पहले छूटे हुए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने के लिए पार्टी 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगी। इसके तहत प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 बूथों पर 50-50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी की योजना करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने की है।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button