Health

यूपी के स्कूलों में छात्राओं को मिलेंगे मुफ्त सैनिटरी नैपकिन, माहवारी स्वास्थ्य पर प्रमुख सचिव ने दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश में किशोरियों के माहवारी स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर अब स्कूल से लेकर समुदाय तक एक साथ काम होगा। सोमवार को लखनऊ के एनेक्सी भवन में राज्य स्तरीय माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रमुख सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वी. हेकाली झिमोमी ने की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और जागरूकता से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए।

स्कूलों में छात्राओं को मिलें मुफ्त सैनिटरी नैपकिन

प्रमुख सचिव ने सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन देने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हेल्थ एजुकेशन को स्कूलों की नियमित गतिविधियों का हिस्सा बनाया जाए, ताकि किशोरियों को माहवारी स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक-मानसिक बदलाव और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में उम्र के अनुरूप वैज्ञानिक जानकारी मिल सके।

लखनऊ एनेक्सी भवन में माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति की बैठक में मौजूद अधिकारी

माहवारी शुरू होने से पहले ही मिले जानकारी

बैठक में निर्देश दिए गए कि माहवारी शुरू होने से पहले ही किशोरियों को इसके बारे में जरूरी जानकारी देने के लिए नियमित स्वास्थ्य शिक्षा सत्र आयोजित किए जाएं। इन सत्रों में माहवारी चक्र, सुरक्षित और स्वच्छ माहवारी व्यवहार, संतुलित पोषण, एनीमिया की रोकथाम तथा जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाओं और परामर्श की उपलब्धता जैसे विषय शामिल होंगे।

माहवारी से जुड़े मिथकों, भ्रांतियों और सामाजिक संकोच को दूर करने के लिए स्कूलों और सामुदायिक स्तर पर बड़े पैमाने पर जागरूकता गतिविधियां चलाई जाएंगी। इसके लिए डिजिटल और सोशल मीडिया समेत अलग-अलग संचार माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

माहवारी अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण पर जोर

बैठक में माहवारी स्वच्छता उत्पादों के सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल निस्तारण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। प्रमुख सचिव ने नगर विकास और पंचायती राज विभाग के जरिए शहरी व ग्रामीण इलाकों में माहवारी अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था मजबूत करने को कहा। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय से माहवारी स्वास्थ्य और स्वच्छता सेवाओं की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

प्रमुख सचिव वी. हेकाली झिमोमी की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय समिति की बैठक

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, महानिदेशक परिवार कल्याण और महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के साथ बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, नगर विकास, नमामि गंगे, श्रम, अल्पसंख्यक कल्याण, समाज कल्याण विभाग तथा न्यूट्रिशन इंटरनेशनल के प्रतिनिधि शामिल हुए।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button