UP

छठ पर गोमती तट पहुंचे सीएम योगी, बोले- पिछली सरकार ने दिया ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में गोमती नदी के तट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व की उपासना की। इसी दिन वह गोमतीनगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में ‘गोमती उत्सव-2026’ के समापन समारोह में भी पहुंचे। यहां उन्होंने कहा, “पिछली सरकार ने प्रदेश को ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ दिया था, हमने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ दिया है।” उन्होंने कहा कि 2017 से पहले जिस उत्तर प्रदेश में उपद्रव था, वहां आज उत्सव ही उत्सव हैं।

गोमती तट पर अर्घ्य, शारदा सिन्हा को श्रद्धांजलि

अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से आयोजित छठ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छठी मईया और भगवान सूर्यदेव से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्ध जीवन की कामना की, व्रतियों पर पुष्प वर्षा की और ‘भोजपुरिया सनेश’ स्मारिका का विमोचन किया। संबोधन में उन्होंने भोजपुरी का भी प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धा, पवित्रता, आत्मशुद्धि, कठोर अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। घाट पर जाति-पांति और ऊंच-नीच का कोई भेद नहीं होता। माताएं-बहनें 36 से 37 घंटे का निर्जला व्रत रखकर परिवार ही नहीं, समाज और राष्ट्र के कल्याण की भावना से इसमें शामिल होती हैं।छठ पर गोमती तट पहुंचे सीएम योगी, बोले- पिछली सरकार ने दिया 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया'

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय शारदा सिन्हा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका स्मरण किए बिना छठ पूर्ण नहीं हो सकता। उन्होंने अपने गीतों से इस पर्व को देश-दुनिया तक पहुंचाया और वह हर छठ घाट की गूंज में जीवित रहेंगी। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल और बिहार से आए लाखों परिवारों ने लखनऊ के विकास में अहम योगदान दिया है। समीक्षा में मिली जानकारी के अनुसार वाराणसी में करीब 20 लाख और गोरखपुर में करीब 16 लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। गांव-घर जाने वालों के लिए अतिरिक्त बसों और रेल सेवाओं की व्यवस्था की गई है, घाटों की सफाई कराई गई है, अतिरिक्त घाट तैयार हुए हैं और रात में पेट्रोलिंग की व्यवस्था है। उन्होंने चेताया कि किसी भी माता-बहन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले पर कठोर कार्रवाई होगी। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने भी संबोधित किया।

“गोमती लखनऊ की आत्मा”, दिसंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य

गोमती उत्सव में मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि गंगा के रूप में मान्य गोमती लखनऊ की आत्मा है और इसकी अविरलता व निर्मलता बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है। लखनऊ से पहले गोमती की धारा अविरल और निर्मल दिखती है, लेकिन शहर में प्रवेश के बाद अपना अस्तित्व खोने लगती है। सरकार ने दिसंबर तक संबंधित कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। नए एसटीपी बन रहे हैं, जिनमें अधिकांश बन चुके हैं, और नदी में गिरने वाले नालों व सीवर को टैप कर एसटीपी तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि उत्सव नदी तट पर हो और इसकी शुरुआत गोमती की शुद्धता के संकल्प से की जाए।छठ पर गोमती तट पहुंचे सीएम योगी, बोले- पिछली सरकार ने दिया 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया'

सिंगल यूज प्लास्टिक को पर्यावरण, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए चुनौती बताते हुए उन्होंने लोगों से बाजार जाते समय घर से कपड़े का थैला ले जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग पुण्य कमाने मंदिर जाते हैं, लेकिन वहां प्लास्टिक और कचरा फेंक आते हैं, ऐसा नहीं होना चाहिए।

दीपोत्सव को यूनेस्को की मान्यता, घरेलू व्यंजनों में ‘नेस्ले’ जैसी ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस अयोध्या ने दुनिया को दीपावली दी, वहां 2017 से पहले ‘दीपक तले अंधेरा’ था। इस बार दीपोत्सव दुनिया का सबसे अच्छा आयोजन रहा और दो दिनों तक अयोध्या की चर्चा होती रही। इसी भव्यता से आगे बढ़ा तो एक दिन यूनेस्को भी इसे मान्यता देगा। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नेस्ले का वार्षिक टर्नओवर नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि हमारे यहां घर-घर की माताएं-बहनें इतने अच्छे व्यंजन बना सकती हैं कि स्वयं एक नेस्ले चला सकें। उन्होंने आयोजन को सरकारी सहयोग का भरोसा दिया।

इन्हें मिला गोमती गौरव सम्मान: मुख्यमंत्री ने 15 विभूतियों को सम्मानित किया— सुनीता मिश्रा, राजेश पांडे, डॉ. सुनीता चंद्रा, जयंत कृष्णा, आत्म प्रकाश मिश्र, विनोद मिश्र, अंबिका प्रकाश वाजपेई, सुमित रूंगटा, सूर्यमणि सिंह रैकवार, डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. सोनिया नित्यानंद, संदीप तिवारी, न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडे, सुरेश बहादुर सिंह और अतुल अग्निहोत्री।

समारोह को आयोजन समिति के अध्यक्ष रामकृष्ण यादव, परिकल्पक सर्वेश अस्थाना और मुख्य संरक्षक राजीव मिश्र ने भी संबोधित किया।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button