UP

यूपीटीईटी-2026 की परीक्षा 26-27 फरवरी 2027 को होगी, 24 नवंबर से आवेदन शुरू; ओटीआर अनिवार्य

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग के अनुसार परीक्षा 26 और 27 फरवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) दोनों के लिए यह परीक्षा होगी।

आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक यूपीटीईटी-2026 का विस्तृत विज्ञापन 24 नवंबर 2026 को जारी किया जाएगा। उसी दिन से ऑनलाइन वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) और आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।

आवेदन शुल्क 23 दिसंबर तक, संशोधन 27 दिसंबर तक

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार 24 नवंबर 2026 से ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन शुरू होंगे। अभ्यर्थी 23 दिसंबर 2026 तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। फॉर्म में कोई गलती रह जाती है तो 27 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन में संशोधन किया जा सकेगा।

आवेदन से पहले ओटीआर पूरा करना जरूरी

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक सभी अभ्यर्थियों को पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही वे यूपीटीईटी-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे। ओटीआर और आवेदन से जुड़ी जानकारी आयोग के पोर्टल https://uptet.upessc.org/otr/info पर उपलब्ध है।

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन और निर्देश-पुस्तिका ध्यान से पढ़ लें। पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा से जुड़े अन्य दिशा-निर्देश 24 नवंबर को जारी होने वाले विस्तृत विज्ञापन में दिए जाएंगे। आधिकारिक जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट www.upessc.up.gov.in देखी जा सकती है।

ये परीक्षा उन अभ्यर्थियों के लिए भी अहम है जो माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (टीजीटी) भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। आयोग की पहले जारी अधिसूचना के अनुसार ऐसे पदों के लिए कक्षा 6 से 8 की शिक्षक पात्रता परीक्षा 30 जून 2027 तक उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button