UP Special TET 2026: यूपी विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा की तारीख घोषित, 6 मंडल मुख्यालयों में होगी परीक्षा; एडमिट कार्ड 31 अक्टूबर से

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC), प्रयागराज ने विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) 2026 के आयोजन को लेकर आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी है। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, विशेष टीईटी की परीक्षा 03 नवंबर 2026 को प्रदेश के 6 प्रमुख मंडल मुख्यालयों में दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत विज्ञापित इस परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की अग्रिम परीक्षा जनपद (Exam City Intimation) से संबंधित जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।
इन 6 मंडल मुख्यालयों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
आयोग के उपसचिव द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, परीक्षा प्रदेश के 6 मंडल मुख्यालयों—प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ एवं आगरा में आयोजित होगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 09:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 02:30 बजे से शाम 05:00 बजे तक होगी।
यह भी पढ़ें
परीक्षा शहर (Exam City) की जानकारी कैसे देखें
अभ्यर्थी अपने परीक्षा जनपद की अग्रिम जानकारी प्राप्त करने के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट [https://upessc.up.gov] पर जा सकते हैं। वेबसाइट के होमपेज पर दिए गए संबंधित लिंक पर क्लिक करके मांगी गई जरूरी प्रविष्टियां (लॉगिन क्रेडेंशियल/पंजीकरण विवरण) दर्ज कर आवंटित परीक्षा शहर का विवरण देखा जा सकता है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह केवल यात्रा सुविधा के लिए अग्रिम शहर आवंटन की सूचना है, इसे परीक्षा का प्रवेश पत्र (Admit Card) न माना जाए।
31 अक्टूबर से डाउनलोड होंगे प्रवेश पत्र
अभ्यर्थी अपना मूल एडमिट कार्ड 31 अक्टूबर 2026 से आयोग के पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे। आयोग ने सख्त निर्देश दिए हैं कि वैध प्रवेश पत्र और मान्य पहचान पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व बायोमेट्रिक और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यूपी टीजीटी भर्ती में टीईटी अनिवार्य, हिंदी व अंग्रेजी के सर्वाधिक पद
प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में चार वर्ष के लंबे अंतराल के बाद सहायक अध्यापक (टीजीटी) भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा जारी नए विज्ञापन में इस बार टीईटी की अनिवार्यता लागू की गई है। अधिसूचना के अनुसार, अभ्यर्थियों को 30 जून 2027 तक कक्षा 6 से 8 के लिए आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। इस भर्ती में सबसे अधिक पद हिंदी (2,791) और अंग्रेजी (2,517) विषय के लिए निकाले गए हैं। इसके अलावा विज्ञान के 2,493, सामाजिक विज्ञान के 2,482, गणित के 2,349 तथा संस्कृत के 1,289 पद शामिल हैं।
यह भी पढ़ें
नई नियमावली को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी
(भर्ती प्रक्रिया को नई व संशोधित नियमावली से कराए जाने और टीईटी की अनिवार्यता को लेकर प्रतियोगी छात्रों में आक्रोश है। अभ्यर्थी इसे पुरानी नियमावली से संपन्न कराने की मांग कर रहे हैं, जिसको लेकर शिक्षा निदेशालय पर 19 दिनों तक अनशन भी चला था। शासन द्वारा टीईटी उत्तीर्ण करने के लिए 30 जून 2027 तक का समय दिए जाने के बाद छात्र एक बार फिर आंदोलन की राह पर हैं और छात्र नेताओं ने शिक्षा निदेशालय के घेराव की चेतावनी दी है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




