सपा की सीट बंटवारा कमेटी में दलित नहीं: डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल का अखिलेश पर हमला

लखनऊ, 23 नवंबर 2026। समाजवादी पार्टी की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) राजनीति पर दलित चिंतक और विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने निशाना साधा है। उनका आरोप है कि इंडी गठबंधन के साथ सीटों के बंटवारे के लिए सपा ने जो चार सदस्यीय कमेटी बनाई है, उसमें एक भी दलित प्रतिनिधि को जगह नहीं मिली।
पीडीए के नारे और फैसलों में फर्क
डॉ. निर्मल ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर दलितों को राजनीतिक रूप से हाशिये पर रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीडीए का नारा देने वाली समाजवादी पार्टी की असलियत उसके फैसलों में नजर आती है। उनके मुताबिक, सार्वजनिक मंचों पर दलितों की भागीदारी और अधिकारों की बात करने वाले अखिलेश यादव संगठन और राजनीतिक फैसलों में हिस्सेदारी देने के समय दलित समाज को दरकिनार कर देते हैं।
चार सदस्यीय कमेटी पर सवाल
विधान परिषद सदस्य ने कहा कि सीट-बंटवारे की इस कमेटी में दलित चेहरे का न होना पार्टी की पीडीए राजनीति पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने पूछा कि क्या दलित समाज में ऐसा कोई योग्य नेता नहीं है, जो गठबंधन के अहम फैसलों में भूमिका निभा सके, या फिर सपा में दलितों की भूमिका सिर्फ चुनाव के समय वोट देने तक सीमित है। डॉ. निर्मल के अनुसार, समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी में साफ अंतर दिखता है।
यह भी पढ़ें:
- सपा ने बुद्ध फुले और अंबेडकर को अपमानित करने का कोई भी अवसर नहीं छोड़ा – डॉ निर्मल
- ओपी राजभर का अखिलेश पर हमला: दलित सम्मेलन के नाम पर अहिरों का जमावड़ा, फिर भी पंडाल रहा खाली
- ‘योगी जैसा मेहनती मुख्यमंत्री नहीं देखा’; राजभर का अखिलेश पर हमला- दिल्ली के शहजादे के आगे सरेंडर
2012-17 के कार्यकाल की समीक्षा की मांग
उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच सपा सरकार के कार्यकाल में विधान परिषद में दलित प्रतिनिधित्व और पार्टी के महत्वपूर्ण निर्णयकारी मंचों पर दलितों की भागीदारी की भी समीक्षा होनी चाहिए। सामाजिक न्याय केवल नारों और चुनावी समीकरणों से नहीं आता, बल्कि सत्ता, संगठन और निर्णय प्रक्रिया में वास्तविक भागीदारी से साबित होता है।
डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने अखिलेश यादव से सीधे सवाल किया कि पीडीए की राजनीति में दलितों को नेतृत्व और फैसले लेने का अधिकार मिलेगा, या उन्हें केवल चुनावी लाभ के लिए इस्तेमाल किया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि दलित समाज अब आश्वासनों से संतुष्ट नहीं है। उसे सम्मान, प्रतिनिधित्व और नेतृत्व में वास्तविक हिस्सेदारी चाहिए।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




