सपा के घोषणापत्र में पुरानी पेंशन बहाली के वादे का अटेवा ने किया स्वागत, अखिलेश यादव का जताया आभार

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में शिक्षकों और कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली की मांग को शामिल किए जाने का अटेवा ने स्वागत किया है। संगठन ने सरकार बनने पर इसे लागू करने की वचनबद्धता के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार ‘बन्धु’ ने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश देश का पांचवां राज्य होगा, जहां पुरानी पेंशन फिर से बहाल की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन पिछले कई वर्षों से शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों की इस मांग को लेकर प्रदेश से राष्ट्रीय स्तर तक आंदोलन कर रहा है। इसी संघर्ष का नतीजा है कि अब तक देश के चार राज्यों में पुरानी पेंशन बहाल हो चुकी है और उत्तर प्रदेश में भी विज्ञापन के आधार पर कर्मचारियों को इसका लाभ मिला है। उन्होंने साफ किया कि जब तक सभी को पुरानी पेंशन नहीं मिल जाती, संगठन का संघर्ष जारी रहेगा।
विजय कुमार ‘बन्धु’ ने बताया कि अटेवा ने शिक्षकों, कर्मचारियों और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर विभिन्न राजनीतिक दलों को सुझाव भेजे थे, जिनके सकारात्मक परिणाम अब दिखने लगे हैं। संगठन ने पुरानी पेंशन की बहाली के साथ-साथ निजीकरण समाप्त करने, आउटसोर्सिंग व संविदा जैसी व्यवस्था बंद कर स्थायी भर्ती करने, शिक्षकों से गैर-शैक्षणिक कार्य न लेने और विभिन्न विभागों में लाखों रिक्त पदों को भरने की मांग भी प्रमुखता से रखी है।
यह भी पढ़ें:
- पीडीए प्रणपत्र: पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पद भरने का वादा, स्नातकों को 5,000 रुपये बेरोजगारी भत्ता
- अखिलेश यादव बोले- हमारा देश संविधान से चलेगा, मनविधान से नहीं; पीडीए के लिए रक्षा जन्म-मरण का विषय
- पीडीए प्रणपत्र: 2017 से बंद 26,000 से अधिक प्राथमिक स्कूल फिर खोलने का वादा, लड़कियों को KG से PG तक मुफ्त शिक्षा
संगठन के प्रदेश महामंत्री डॉ. नीरजपति त्रिपाठी ने इस घोषणा पर खुशी जताते हुए कहा कि अटेवा के संघर्षों से शिक्षकों और कर्मचारियों में नई उम्मीद जगी है। अब उन्हें भरोसा है कि पुरानी पेंशन के जरिए उनका बुढ़ापा सुरक्षित हो सकेगा। वहीं, प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि लगातार आंदोलन का ही असर है कि आज हर तरफ पुरानी पेंशन का मुद्दा छाया हुआ है। उन्होंने कर्मचारियों से संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहने की अपील करते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं जब सबका भविष्य सुरक्षित होगा।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




