UP

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस: यूपी दूध उत्पादन में देश में नंबर वन, 388 लाख मीट्रिक टन के पार पहुंचा उत्पादन

लखनऊ। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर जारी जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश ने दुग्ध उत्पादन में देश में अपनी नंबर वन स्थिति को और मजबूत किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का दूध उत्पादन वर्ष 2016-17 के 277 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 388 लाख मीट्रिक टन के पार पहुंच गया है। आठ वर्षों में यह बढ़ोतरी करीब 40 फीसदी बताई गई है। देश के कुल दुग्ध उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 16 फीसदी है और राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात व महाराष्ट्र जैसे प्रमुख उत्पादक राज्य भी इसके पीछे हैं।

डेयरी को रोजगार और गोवंश संरक्षण से जोड़ा गया

सरकार का कहना है कि यह उपलब्धि केवल उत्पादन के आंकड़ों तक सीमित नहीं है। डेयरी क्षेत्र को ग्रामीण रोजगार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के स्वरोजगार और देशी गोवंश के संरक्षण से जोड़कर एक व्यापक आर्थिक मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। ग्रामीण महिलाएं दुग्ध समितियों और महिला नेतृत्व वाली कंपनियों के जरिए संग्रह और कारोबार संभाल रही हैं, जबकि देशी गायों पर आधारित 150 से अधिक उत्पादों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान बनाई है।

पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के अनुसार करीब 40 फीसदी की यह वृद्धि योजनाबद्ध विकास और जमीनी स्तर के प्रयासों का परिणाम है। सरकार पशुपालन व डेयरी को बढ़ावा देने के साथ पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दे रही है।

गाजियाबाद का हेता मॉडल: 10 करोड़ का सालाना कारोबार

गो संरक्षण को आर्थिक समृद्धि से जोड़ने के उदाहरण के रूप में गाजियाबाद के हेता (HETHA) एथिकल डेयरी मॉडल का उल्लेख किया गया है। मुख्यमंत्री की प्रेरणा से असीम रावत, जो अमेरिका समेत कई देशों की प्रमुख सॉफ्टवेयर कंपनियों में 14 वर्ष इंजीनियर रह चुके हैं, देशी गायों के संरक्षण और उनसे जुड़े उत्पादों को बाजार से जोड़ रहे हैं। करीब 100 लोगों की टीम के साथ एक हजार से अधिक देशी गायों के संरक्षण और उत्पादों का काम चल रहा है।

इस मॉडल में ए2 दूध, पारंपरिक बिलौना घी, ब्राह्मी घृत, शतधौत घृत, कुकीज, लड्डू, हर्बल चाय, स्किन और हेयर केयर उत्पाद तथा गोमूत्र अर्क समेत 150 से अधिक तरह के उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इनसे करीब 10 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार बताया गया है। उत्पाद देश के अलावा अमेरिका, कनाडा, यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, यूरोप, सिंगापुर, दुबई और मध्य-पूर्व के कई देशों तक पहुंच रहे हैं। दूध देना बंद कर चुके वृद्ध गोवंश को भी संरक्षण और देखभाल का हिस्सा बनाया गया है।

चार लाख से अधिक महिलाएं जुड़ीं, 76 हजार से अधिक लखपति दीदी

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक डेयरी कारोबार से जुड़ी हैं। प्रदेश के 31 जिलों में महिला नेतृत्व वाले दुग्ध नेटवर्क से प्रतिदिन 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह हो रहा है। इस व्यवस्था से जुड़कर 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार डिजिटल डेयरी नेटवर्क से महिलाओं की आमदनी और कारोबार में भागीदारी मजबूत हुई है। संग्रह से लेकर गुणवत्ता जांच, बिक्री और भुगतान तक की व्यवस्था डिजिटल है। मोबाइल ऐप और डिजिटल मशीनों से दूध की मात्रा, फैट जांच, कीमत और भुगतान का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहता है। इससे महिलाओं को सही मूल्य जानने और हिसाब रखने में मदद मिलती है। उन्हें केवल उत्पादक नहीं, कारोबार की संचालक और निर्णयकर्ता के रूप में स्थापित किया गया है।

पांच महिला कंपनियां और युवाओं के लिए डेयरी इकाइयां

आजीविका मिशन के तहत पांच महिला नेतृत्व वाली दुग्ध उत्पादक कंपनियों का नेटवर्क बनाया गया है। बुंदेलखंड में बलिनी एमपीसीएल, पूर्वांचल में काशी एमपीसीएल, अवध क्षेत्र में सामर्थ्य एमपीसीएल, गोरखपुर मंडल में श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीसीएल और तराई क्षेत्र में सृजन एमपीसीएल के जरिए महिलाएं संग्रह, गुणवत्ता परीक्षण, विपणन और भुगतान में सीधे शामिल हैं। पहले स्थानीय खरीदारों और बिचौलियों पर निर्भर महिलाओं को अब संगठित बाजार मिल रहा है। कीमत में पारदर्शिता आई है और भुगतान सीधे बैंक खाते में पहुंच रहा है।

अरुण कुमार के अनुसार इस नेटवर्क से गांव में रहकर नियमित आय के अवसर बढ़े हैं। डेयरी की कमाई का उपयोग महिलाएं परिवार की जरूरतों, बच्चों की शिक्षा और अन्य आर्थिक जिम्मेदारियों में कर रही हैं।

दूसरी ओर मिनी-नंदिनी योजना और डेयरी मास्टरप्लान के जरिए युवाओं और पशुपालकों को डेयरी इकाइयां लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। दो से 25 गायों तक की इकाइयां लगाने वालों को अनुदान दिया जा रहा है, जबकि स्वदेशी गायों के पालन पर संबंधित योजना में 50 फीसदी तक सब्सिडी का प्रावधान है। सरकार का कहना है कि इससे ग्रामीण युवा गांव में ही रोजगार और स्वरोजगार पा रहे हैं, जिससे पलायन रोकने और नियमित आय बढ़ाने की संभावना भी मजबूत हुई है।

यह भी पढ़ें:

सरकार के अनुसार प्रदेश में डेयरी अब केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है। महिला नेतृत्व वाली कंपनियों से ग्रामीण कारोबार को संगठित किया जा रहा है और देशी गायों के संरक्षण से बने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाकर मूल्य संवर्धन की नई संभावनाएं बढ़ाई जा रही हैं।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button