अस्पताल के गेट पर प्रसव मामले में ईएमओ बर्खास्त, पांच पर कार्रवाई

Lucknow: भदोही स्थित ज्ञानपुर महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय में गेट पर प्रसव के मामले को डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने गंभीरता से लिया है। जांच के बाद सीएमएस समेत पांच अधिकारियों-कर्मचारियों पर गाज गिरी है। ईएमओ को बर्खास्त करते हुए सीएमएस के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति कर दी गई।
भदोही के जोरई निवासी सुनील की पत्नी रानी देवी (20) को प्रसव पीड़ा हुई। 29 सितंबर को सुनील पत्नी को लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि लेबर रूम में मौजूद स्टाफ नर्स ने महिला को प्राथमिक उपचार मुहैया कराने के बजाए रेफर कर दिया। अस्पताल के गेट पर ही महिला ने शिशु को जन्म दे दिया।
इसे भी पढ़ें: फार्मासिस्ट संवर्ग में पदोन्नति की राह खुली, पांच अधिकारियों की ACR मांगी
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने भदोही के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए। कमेटी ने मामले की जांच की। जांच में इमरजेंसी में तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज कुमार की लापरवाही सामने आई। उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई शुरू की गई है। उन पर प्रसव पीडि़त महिला की प्राथमिक जांच और उपचार नहीं करने का आरोप है।
स्टाफ नर्स नीलम मौर्या को मरीज की जांच के बाद एम्बुलेंस में बैठाने तक की प्रक्रिया में लापरवाही के लिए निलंबित किया गया है। स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश प्रजापति का सितंबर 2026 का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके तिवारी के खिलाफ प्रशासनिक लापरवाही के लिए विभागीय कार्रवाई की शासन से संस्तुति की गई है। वहीं स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. नीलिमा धवन के खिलाफ 28 सितंबर को ड्यूटी में लापरवाही के मामले में विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी गई है। डिप्टी सीएम ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से विभाग की छवि धूमिल हो रही है। मरीजों को समुचित इलाज मुहैया कराया जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




