UP

पीडीए प्रणपत्र: 2017 से बंद 26,000 से अधिक प्राथमिक स्कूल फिर खोलने का वादा, लड़कियों को KG से PG तक मुफ्त शिक्षा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने अपने पीडीए प्रणपत्र में 2017 से बंद पड़े 26,000 से अधिक सरकारी प्राथमिक स्कूलों को फिर से खोलने का वादा किया है। शिक्षा अध्याय में कहा गया है कि हर गांव में मिडिल कक्षा तक का एक स्कूल चलाया जाएगा, भले ही वहां केवल एक छात्र या छात्रा ही दाखिला ले।

‘प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा मिशन’ का लक्ष्य 2030 तक उत्तर प्रदेश में 12वीं कक्षा तक 100 प्रतिशत साक्षरता हासिल करना बताया गया है। किंडरगार्टन से स्नातकोत्तर तक लड़कियों की मुफ्त शिक्षा को इस मिशन का मुख्य केंद्र बनाया गया है। उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात को बढ़ाकर 50 प्रतिशत और माध्यमिक शिक्षा में 100 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।

शिक्षा बजट तीन गुना, पहली कक्षा से अंग्रेजी

प्रणपत्र में शिक्षा क्षेत्र के बजट की समीक्षा कर मौजूदा आवंटन को तीन गुना करने, यानी इसे राज्य के सकल घरेलू उत्पाद का लगभग 6 प्रतिशत करने का वादा है। सभी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी भाषा शामिल करने, प्राथमिक स्तर से कंप्यूटर शिक्षा शुरू करने और बच्चों की सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने के लिए पाठ्यक्रम में स्थानीय भाषाएं शामिल करने का प्रस्ताव है।

सार्वजनिक शिक्षा में विश्वास बहाल करने के लिए सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों का उन्नयन करने तथा सभी विद्यालयों में मेज, कुर्सियां, पंखे, वॉटर कूलर, शौचालय, इंटरनेट और खेलकूद का सामान उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। सभी सरकारी स्कूलों में 24 घंटे सौर ऊर्जा आपूर्ति संयंत्र लगाने और प्राथमिक विद्यालयों की महिला शिक्षिकाओं को इलेक्ट्रिक स्कूटर देने का भी उल्लेख है। निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए 25 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने का वचन दिया गया है।

शिक्षा मित्रों का नियमितीकरण, 32,022 पदों की पुरानी भर्ती

शिक्षा प्रणाली में सभी रिक्त पदों पर एक वर्ष के भीतर नियुक्तियां करने और अल्पकालिक संविदा नियुक्तियां बंद करने का वादा है। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों पर चुनाव ड्यूटी जैसे गैर-शिक्षण कार्य नहीं थोपने का भी उल्लेख है। शिक्षा मित्रों की बहाली के लिए विशेष भर्ती और प्रशिक्षण अभियान चलाकर उनकी संख्या दोगुनी करने, मानदेय में 5,000 रुपये प्रति माह की वृद्धि करने और तीन साल के भीतर उन्हें नियमित सरकारी नौकरियों में शामिल करने की नीति बनाने का प्रस्ताव है। वर्ष 2016 में 32,022 शारीरिक शिक्षा अनुदेशक पदों पर शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण कर चयनित अभ्यर्थियों को उसी पद पर नियमित करने का भी वादा किया गया है।

सभी जिलों में समाजवादी आवासीय मॉडल स्कूल, ग्रामीण क्षेत्रों में पांच क्षेत्रीय विश्वविद्यालय, हर तहसील मुख्यालय पर सरकारी डिग्री कॉलेज और सभी 18 मंडलों में छात्राओं के लिए शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज खोलने का उल्लेख है। लैपटॉप वितरण योजना फिर शुरू करने, छात्रों को राज्य की बसों में मुफ्त यात्रा और बिना गारंटी के सब्सिडी वाला छात्र ऋण देने वाले राज्य शिक्षा कोष का भी प्रस्ताव दस्तावेज में है।

यह भी पढ़ें:

ये वादे संविधान दिवस पर लखनऊ में जारी ‘जन-मन का मैनिफेस्टो : 2027’ के शिक्षा अध्याय में दर्ज हैं।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button