
लखनऊ: चिकित्सा और इंजीनियरिंग (Medical & Engineering) के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यूपी राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) और आईआईटी कानपुर (IIT Kanpur) के संयुक्त प्रयास ‘SIB SHInE’ (School of International Biodesign- Synergizing Healthcare Innovation and Entrepreneurship) को एक अनूठी चिकित्सा तकनीक के लिए भारत सरकार से पेटेंट प्राप्त हुआ है।
यह तकनीक महिलाओं में स्तन स्वास्थ्य की निगरानी के लिए एक ‘वेयरेबल सेंसर पैच’ (A wearable sensor patch for breast abnormality monitoring) है, जो ब्रेस्ट एबनार्मेलिटी (स्तन की समस्याओं) की पहचान शुरुआती दौर में ही कर सकती है।
बिना चीरा-छेद (Non-Invasive) होगी निगरानी
इस उपकरण की सबसे बड़ी खासियत इसका ‘नॉन-इनवेसिव’ होना है। यह एक हल्का सेंसर पैच है, जिसे महिलाएं आसानी से अपने कपड़ों (Innerwear) के नीचे पहन सकती हैं। इसे कई घंटों तक लगातार पहना जा सकता है, जिससे दैनिक कार्यों में कोई बाधा नहीं आती और साथ ही साथ शरीर के भीतर होने वाले सूक्ष्म परिवर्तनों की निरंतर निगरानी संभव हो पाती है।
KGMU और IIT कानपुर की जुगलबंदी
इस Innovation की परिकल्पना KGMU की एंडोक्राइन सर्जरी विभाग की डॉ. पूजा रमाकांत के मार्गदर्शन में की गई। SIB SHInE की फेलो श्रेया नायर ने क्लिनिकल इमर्शन चरण के दौरान इस जरूरत को पहचाना और आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर डॉ. तुषार संधान के इंजीनियरिंग सहयोग से इसे एक कार्यशील प्रोटोटाइप का रूप दिया। श्रेया नायर अब ‘ब्रेला इनोवेशन्स’ नामक स्टार्टअप के जरिए इस तकनीक को आगे बढ़ा रही हैं।
स्वदेशी चिकित्सा उपकरणों को बढ़ावा
SIB SHInE के कार्यकारी निदेशक डॉ. ऋषि सेठी ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डॉक्टरों और इंजीनियरों को एक साथ लाकर मरीजों की जरूरतों के हिसाब से तकनीक विकसित करना है। उन्होंने कहा कि यह पेटेंट KGMU और IIT कानपुर के बीच बढ़ते सहयोगात्मक नवाचार की शक्ति का प्रमाण है।
कार्यक्रम के सीनियर प्रोग्राम मैनेजर सुमित कुमार वैश्य ने जानकारी दी कि पिछले दो वर्षों में इस कार्यक्रम से चार स्टार्टअप्स निकल चुके हैं और जल्द ही तीसरे कोहोर्ट के लिए आवेदन शुरू किए जाएंगे। कुलपति प्रो. डॉ. सोनिया नित्यानंद ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह तकनीक भविष्य में रोगी देखभाल (Patient Care) के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी।




