Old Pension Scheme: ‘शिक्षकों को न देनी पड़े पेंशन, इसलिए लाया गया TET’- ATEWA अध्यक्ष विजय बंधु का सरकार पर बड़ा हमला

रायबरेली: ‘जब सांसदों और विधायकों को अपना वेतन और पेंशन बढ़वानी होती है, तो वे सभी पार्टियों की सीमाएं तोड़कर एकजुट हो जाते हैं। लेकिन जब बात कर्मचारियों की आती है, तो सरकार नए-नए नियम लाकर उन्हें उलझा देती है।’ यह तीखा प्रहार नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम (NMOPS) और अटेवा (ATEWA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने किया है। वे रायबरेली के डलमऊ ब्लॉक सभागार में एनपीएस-यूपीएस (NPS-UPS) और निजीकरण के विरोध में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हम लोगों को सरकार पुरानी पेंशन नहीं दे रही है जबकि सरकार को पेंशन देनी चाहिए क्योंकि कर्मचारियों के बुढाफ़े का सहारा पुरानी पेंशन ही होती है। उन्होंने कहा कि अब सरकार टेट की अनिवार्यता लागू करके हम कर्मचारियों का शोषण दूसरे तरीके से कर रही है। अब हम लोग जब सेवानिवृत्त की तरफ बढ़ रहे हैं तो अपनी नौकरी को बचाने के लिए दिन-रात मेहनत करके टेट की परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं।

पेंशन से बचने के लिए सरकार लाई TET
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर पहुंचे विजय कुमार बंधु ने शिक्षकों और कर्मचारियों से अपने हक के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के बुढ़ापे का एकमात्र सहारा पुरानी पेंशन (Old Pension) ही होती है, जिसे सरकार देना नहीं चाहती है। उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षकों को पुरानी पेंशन न देनी पड़े, इसके लिए सरकार ने अब टीईटी (TET) की अनिवार्यता का नियम लागू कर दिया है।
उन्होंने कहा कि जो शिक्षक अब रिटायरमेंट की तरफ बढ़ रहे हैं, सरकार उन्हें उनकी नौकरी बचाने के लिए दिन-रात TET परीक्षा की तैयारी में उलझा रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जिस दिन सभी शिक्षक और कर्मचारी एकजुट हो जाएंगे, उसी दिन पुरानी पेंशन (OPS) बहाल हो जाएगी।
नौकरी बचाने में उलझा रहे शिक्षक
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री शैलेश यादव ने भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर 2023 को दिल्ली के रामलीला मैदान में विजय कुमार बंधु के नेतृत्व में हुई ऐतिहासिक महारैली से सरकार डर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि तानाशाही सरकार ने ओपीएस (OPS) न देना पड़े, इसलिए TET अनिवार्यता का जिन्न पैदा कर दिया है। इसका मकसद सिर्फ यह है कि शिक्षक अपनी नौकरी बचाने में ही उलझे रहें और पेंशन की मांग पीछे छूट जाए।

कार्यक्रम के संयोजक एवं अटेवा डलमऊ के अध्यक्ष श्री प्रकाश चंद्र यादव जी ने विगत तीन वर्षों से ब्लॉक सभागार डलमऊ में लगातार कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से शिक्षक व कर्मचारी अपने नेता तक बात व उनकी रणनीतिक से अवगत होता है।
कार्यक्रम में इन पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, विधिक सलाहकार नरेंद्र कुमार, प्रदेश संगठन मंत्री रजत प्रहरी, अटेवा जिला संयोजक इरफान अहमद, जूनियर संघ के महामंत्री सियाराम सोनकर, महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष सरिता नागेंद्र, अंजू यादव, जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र यादव, आदर्श शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राकेश यादव, दुर्गेश यादव, पंचायती राज विभाग के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, अटेवा फतेहपुर जिलाध्यक्ष निधान सिंह और पीडब्ल्यूडी संघ के अध्यक्ष उमाशंकर मिश्र समेत कई शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




