Raebareli: शिक्षा मानव के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण: सविता

रायबरेली। शैक्षणिक सत्र 2025-26 समाप्ति से पूर्व परिषदीय विद्यालयों में वार्षिकोत्सव व बच्चों को पुरस्कार का वितरण किया जा रहा है। शनिवार को अमावां ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कोडरा अहिरन व सतांव ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय सलारपुर में वार्षिक परीक्षा फल वितरण एवं वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया।
अमावां ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कोडरा अहिरन में आयोजित शारदा संगोष्ठी व वार्षिकोत्सव के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश सिंह, समाजसेवी संतोष सिंह रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को एसएमसी के बच्चों पुरस्कृत किया गया। वार्षिकोत्सव एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 5 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह भी आयोजित हुआ।
जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कक्षा 5 के सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई दी और विद्यालय स्टाफ की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यालय की प्रगतिशील सोच को दर्शाते हैं। इस मौके पर आरएसएम ब्लॉक अध्यक्ष ब्रजेन्द्र कुमार, शिक्षा मित्र संघ के ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, प्रधानाध्यापक विनोद कुमार यादव,रजनी शुक्ला, गीता देवी, राजू श्रीवास्तव, रणविजय सिंह, मनोज कुमार पुष्कर, धर्मेंद्र राम, वेद कुमार पटेल, विपिन मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।

सतांव ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय सलारपुर समारोह में मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी सुरेंद्र चौधरी व विशिष्ट अतिथि रवि शंकर पटेल और अध्यक्षता दिलीप चौधरी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से विद्यालय के छात्रों द्वारा किया गया। प्रधानाध्यापिका प्रतिमा सिंह ने विद्यालय के विकास के त्रिवर्षीय कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। मेधावी छात्रों को समाजसेवी सुरेंद्र चौधरी द्वारा पुरस्कार देकर छात्रों का उत्साह वर्धन किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के विकास से ही समाज का विकास होता है।
विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान रविशंकर पटेल ने सभी अभिभावक से अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्राप्त करने के लिए बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजें, जिससे कि बच्चों में वांछित दक्षताएं उत्पन्न की जा सके। प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सविता ने कहा गया शिक्षा मानव के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पहलू है। दिलीप चौधरी ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि हम विद्यालय के विकास के लिए हर संभव मदद करने के लिए तैयार है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजवंत ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज सिंह, राम सुमेर, विवेक श्रीवास्तव, अनीता, राधे आदि उपस्थित रहे।




