उपलब्धियों की चमक से जगमगाया डीपीएस सीतापुर का ‘अचीवर्स’ डे 2025–26’

सीतापुर | शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में ‘अचीवर्स’ डे 2025–26’ का आयोजन अत्यंत भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन और सर्वांगीण विकास को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का उत्सव मनाया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि तनुश्री मेहरोत्रा के पारंपरिक तिलक एवं स्वागत से हुआ। इसके पश्चात प्रधानाचार्य आर.के. सिंह ने उन्हें पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा भेंट किया। दीप प्रज्ज्वलन और भक्ति गीत के साथ कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन हुआ, जिसने पूरे माहौल को आध्यात्मिक और प्रेरणादायक बना दिया।

अपने स्वागत संबोधन में प्रधानाचार्य आर के सिंह ने विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयास के महत्व को रेखांकित किया। वहीं मुख्य अतिथि तनुश्री मेहरोत्रा ने छात्रों को दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच के साथ उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य और मधुर समूहगान ने सभी का दिल जीत लिया और समारोह को जीवंत बना दिया।
पुरस्कार वितरण समारोह रहा मुख्य आकर्षण
इस अवसर पर विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों—सर्वाधिक अनुशासित छात्र, उत्कृष्ट वेशभूषा, शत-प्रतिशत उपस्थिति एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता (प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान)—में सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि तनुश्री मेहरोत्रा, प्रधानाचार्य आर.के. सिंह तथा वरिष्ठ शिक्षिकाओं फराह इमाम और सविता सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसने सभी उपस्थित जनों में गर्व और प्रेरणा का संचार किया।
डीपीएस सीतापुर का ‘अचीवर्स’ डे 2026 न केवल छात्रों की उपलब्धियों का उत्सव बना, बल्कि यह संस्था की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण भी साबित हुआ।
| Your Content



