UP

योगी सरकार का मिला साथ तो विंध्य के गांवों की महिलाएं हुनर से खड़ा कर रहीं कारोबार

स्वयं सहायता समूह से जुड़कर बदल रही जिंदगी, घर-गृहस्थी तक सीमित रहने वाली सीमा देवी बनीं सामूहिक उद्यम की अगुआ

लखनऊ, 14 अक्टूबर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण आजीविका के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं अपने हुनर को कारोबार में बदल रही हैं। इसमें पिछड़े-वंचित समाज की महिलाओं को विशेष रूप से आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। मिर्जापुर के पटेहरा विकासखंड स्थित पढ़रिया कला गांव की सीमा देवी इसकी एक प्रेरक मिसाल बनी हैं।

32 वर्षीय सीमा देवी कभी घर-गृहस्थी तक सीमित थीं। उनके पति दिल्ली में मोटर पार्ट्स की दुकान पर कार्यरत थे। परिवार की सीमित आय के बीच सीमा देवी भी आर्थिक योगदान देना चाहती थीं। उन्हें खाना बनाने में विशेष रुचि थी, लेकिन इस हुनर को उद्यम में बदलने का अवसर नहीं मिल पा रहा था।

इसी बीच गांव में आयोजित फोकस ग्रुप डिस्कशन (एफजीडी) में शामिल होने के बाद उन्हें उद्यमिता, वित्तीय सहायता, विपणन और आजीविका के विभिन्न अवसरों की जानकारी मिली। मां लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह से जुड़ाव ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने नमकीन निर्माण का कारोबार शुरू करने का निर्णय लिया।

70 हजार रुपए के निवेश से शुरू किया उद्यम

सीमा देवी ने संकुल स्तरीय संघ (सीएलएफ) से मिली 50 हजार रुपए की वित्तीय सहायता और अपने 20 हजार रुपए के योगदान से नमकीन निर्माण का कार्य आरंभ किया। ग्राम संगठन से जुड़ी महिलाओं के साथ मिलकर उन्होंने ‘विंध्य नमकीन मैन्युफैक्चरिंग’ नाम से सामूहिक उद्यम स्थापित किया।

इस उद्यम में सीमा देवी नेतृत्वकर्ता की भूमिका निभा रही हैं। वह संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी संभालती हैं, जबकि अन्य महिलाएं नमकीन बनाने के कार्य में सहयोग करती हैं। महिलाओं को उनके श्रम के आधार पर प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाता है। इससे बड़ी संख्या में गांव की महिलाओं को रोजगार का अवसर मिला है।

कारोबार के जरिए बनीं लखपति

नमकीन निर्माण का कारोबार शुरू करने के बाद सीमा देवी की आय लगभग 12 हजार से 15 हजार रुपए प्रतिमाह हो गई है। वार्षिक आय करीब डेढ़ लाख हो जाने से परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया। मिर्जापुर और आसपास के बाजारों में विपणन सहयोग से ‘विंध्य नमकीन’ ने स्थानीय स्तर पर पहचान बनाई है।

सीमा देवी की सफलता ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और सामूहिक प्रयास की मिसाल है। जो महिला पहले परिवार की आय के लिए पति पर निर्भर थीं, आज वह स्वयं उद्यम चला रही हैं और परिवार के निर्णयों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

प्रतिष्ठित ब्रांड बनाकर अधिक से अधिक महिलाओं को स्थायी आजीविका देने की तैयारी

सीमा देवी अब उत्पादन क्षमता बढ़ाने, अतिरिक्त मशीनें खरीदने, नमकीन की नई किस्में तैयार करने और समूह में अधिक महिलाओं को जोड़ने की योजना बना रही हैं। वह ‘विंध्य नमकीन’ को एक प्रतिष्ठित ब्रांड के रूप में स्थापित करना चाहती हैं, जिससे गांव की अधिक से अधिक महिलाओं को स्थायी आजीविका मिल सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के प्रयासों के बीच सीमा देवी जैसी महिलाएं अपने हुनर और मेहनत से नई संभावनाएं तैयार कर रही हैं। स्वयं सहायता समूह, वित्तीय सहयोग और विपणन सहायता ने उनके लिए उद्यमिता का मार्ग प्रशस्त किया है।

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button