Health

नैनो रोबोट शरीर के भीतर जाकर कर देंगे सर्जरी

Lucknow: रोबोटिक सर्जरी (Robotic Surgery) अब और भी एडवांस होगी। आने वाले समय में नैनौ रोबोट (Nano Robot) शरीर के भीतर जाकर टारगेटेड सर्जरी करेंगे। यानि शरीर के जिस हिस्से का आपरेशन करना होगा, बस उसी हिस्से में सर्जरी की जायेगी। इससे आस-पास के टिश्यू को कोई नुकसान नहीं होगा।

यह जानकारी गुवाहाटी के रोबोटिक सर्जन डॉ. सुभाष खन्ना (Dr. Subhash Khanna) ने केजीएमयू जनरल सर्जरी विभाग के114वां स्थापना दिवस के मौके पर दी। अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कंवेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि यह रोबोट इतने छोटे होते हैं कि इन्हें कैप्सूल की तरह निगला जा सकता है या शरीर में भेजा जा सकता है। शरीर में पहुंचने पर जरूरत अनुसार इसमें लगे उपकरण खोले जा सकते हैं। नैनो रोबोट में कैमरे और सेंसर लगे होते हैं। कुछ नैनो रोबोट में रेडियो ट्रांसमिटर और रिसीवर भी हैं, ताकि सर्जन देख सकें कि शरीर के अंदर हो क्या रहा है और सर्जन इन रोबोट को आदेश दे सकें। नैनो रोबोटिक सर्जरी सबसे ज्यादा कैंसर सर्जरी में कारगर है। खासतौर पर प्रोस्टेट, लिवर, पैंक्रियाज व खाने की नली की सर्जरी इस तकनीकी से बेहतर तरीके से की जा सकती है। इसकी खास बात है कि मरीज को किसी भी प्रकार का दर्द नहीं होगा।

Surgery Faudation The Coverage

सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अभिनव अरुण सोनकर (Dr. Abhinav Arun Sonkar) ने कहा रोबोटिक सर्जरी पूरी तरह मशीन आधारित नहीं है, बल्कि सर्जन के अनुभव और कौशल पर ही इसकी सफलता निर्भर करती है। फिलहाल इसकी लागत अधिक है, लेकिन तकनीक के व्यापक उपयोग के साथ खर्च में कमी आने की उम्मीद है। इस मौके पर उन्होंने विभाग की उपलब्धियां भी गिनायी और बताया कि यहां रोबोटिक सर्जरी का लाभ मरीजों को दिया जा रहा है। श्रीलंका से आये डॉ. बवंथा गामागे (Dr. Bawantha Gamage) ने कहा के कोलोरेक्टल कैंसर (बड़ी आंत का कैंसर) तेजी से बढ़ रहा है। जंक व फास्ट फूड से यह कैंसर अब कम उम्र में हो जा रहा है। उन्होंने जीवनशैली में बदलाव और सुपाच्य भोजन अपनाने की सलाह दी।

इसे भी पढ़ें: UPPCL: स्मार्ट मीटर लगाने से राजस्व 212 करोड़ से 278 करोड़ रुपये हुआ

कार्यक्रम में मौजूद अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने सर्जरी के क्षेत्र में केजीएमयू के डॉक्टरों की सराहना की। उन्होंने शासन स्तर पर हर तरह की मदद का आश्वासन दिया। डॉ. अक्षय आनंद ने बताया कि रोबोटिक व दूसरी तकनीक से मरीजों का ऑपरेशन आसान हुआ है। समारोह के दौरान उत्कृष्टï कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ बीके ओझा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. कुशाग्र, डॉ. गीतिका नंदा, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. एच एस पाहवा डा. के.के. सिंह समेत अन्य डॉक्टर मौजूद रहे।

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

One Comment

Back to top button