UP

सीएम योगी ने किया श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास के कैलेंडर का विमोचन, स्वास्थ्य यात्रा दिसंबर में होगी

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (NMO) अवध प्रांत और श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन किया। इस खास मौके पर न्यास के अध्यक्ष और NMO के राष्ट्रीय बौद्धिक प्रमुख प्रो. एम.एल.बी. भट्ट और श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास के महासचिव एवं NMO राष्ट्रिय बौद्धिक टोली सदस्य डॉ. भू‍पेंद्र सिंह मौजूद रहे। उन्होंने सीएम योगी को NMO अवध प्रांत और न्यास की आगामी जन-कल्याण और स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

आचार संहिता के कारण बदला यात्रा का शेड्यूल

हर साल भारत-नेपाल सीमा पर स्थित थारू जनजाति बहुल 7 जिलों में ‘श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा’ का आयोजन किया जाता है। आमतौर पर यह यात्रा जनवरी-फरवरी में होती है। लेकिन, अगले साल चुनाव आचार संहिता लागू होने की आशंका है। इसके मद्देनजर यह फैसला लिया गया है कि अब यह यात्रा इसी साल 17 से 20 दिसंबर के बीच पूरी कर ली जाएगी।

अयोध्या स्वास्थ्य मेला जनवरी में

इसी तरह अयोध्या में लगने वाले वार्षिक स्वास्थ्य मेले की तारीखों में भी बदलाव हुआ है। मार्च के बजाय अब यह स्वास्थ्य मेला 10 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। पिछले साल इस स्वास्थ्य सेवा यात्रा से 2.75 लाख लोगों को लाभ मिला था। इस वर्ष स्वास्थ्य सुविधाओं को 3 लाख लाभार्थियों तक पहुंचाने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है।

27 सितंबर को होगी स्वास्थ्य साइकिल रैली

NMO अवध प्रांत आगामी 27 सितंबर को ‘स्वस्थ जीवन शैली साइकिल रैली’ का आयोजन करने जा रहा है। यह 40 किलोमीटर लंबी रैली किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) परिसर से शुरू होगी। शहर के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों से गुजरते हुए यह यात्रा डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में जाकर समाप्त होगी।

इसके अलावा, 17 और 18 अक्टूबर को लखीमपुर खीरी में NMO अवध प्रांत का वार्षिक अभ्यास वर्ग आयोजित होगा। इस विशेष अभ्यास वर्ग में 150 मेडिकल छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे।

NMO Calander

इन संगठनों का मिलेगा साथ

श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा में NMO गोरक्ष प्रांत और NMO ब्रज प्रांत की भी बराबर भागीदारी रहेगी। इस महाभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर कई राष्ट्रवादी और सामाजिक संगठन सहयोग करेंगे। इनमें एकल अभियान, सीमा जागरण मंच, विद्या भारती, वनवासी कल्याण आश्रम, सेवा भारती, विश्व हिंदू परिषद (VHP), अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और आरोग्य भारती शामिल हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन सभी सामाजिक कार्यों के लिए अपना आशीर्वाद और मार्गदर्शन दिया। साथ ही यात्रा के लिए पूर्ण सरकारी सहयोग का भरोसा भी जताया।

Sunil Yadav

संपादक, लेखक और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button