UP

वीरांगना ऊदा देवी पासी की प्रतिमा का अनावरण, CM योगी बोले- ‘1857 के स्वातंत्र्य समर का केंद्रबिंदु था UP’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लखनऊ में शौर्य, त्याग व बलिदान की प्रतिमूर्ति वीरांगना ऊदा देवी पासी के बलिदान दिवस पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर को ‘पासी स्वाभिमान दिवस’ के रूप में मनाया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरांगना ऊदा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह न केवल नारी शक्ति, बल्कि हर हिंदुस्तानी के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि भारत की स्वाधीनता में वीरों व वीरांगनाओं का योगदान अविस्मरणीय है।

1857 का केंद्रबिंदु था उत्तर प्रदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर का केंद्रबिंदु उत्तर प्रदेश ही था। उन्होंने कहा, “शहीद मंगल पांडेय ने बैरकपुर में इसकी हुंकार भरी थी। धन सिंह कोतवाल ने उसे मेरठ में आगे बढ़ाया था। झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई अमर योद्धा के रूप में उसे नेतृत्व दे रही थीं।” उन्होंने बेगम हजरत महल का भी जिक्र किया और कहा कि वीरांगना ऊदा देवी पासी जैसे अमर सेनानियों के साथ मिलकर उन्होंने फिरंगियों को भगाने का काम किया।

सीएम योगी ने वीरांगना ऊदा देवी के शौर्य को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 16 नवंबर 1857 को लखनऊ के सिकंदरबाग में पीपल के पेड़ पर चढ़कर 36 अंग्रेज सैनिकों को ढेर किया था। उन्होंने कहा, “वीरांगना ऊदा देवी का बलिदान प्रेरणा देता है कि अन्याय बड़ा हो तो प्रतिरोध उससे भी बड़ा होना चाहिए।”

‘विरासत का सम्मान कर रही डबल इंजन सरकार’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में ‘विरासत का सम्मान’ कर रही है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का उल्लेख किया। सीएम योगी ने कहा कि महाराजा बिजली पासी किले के सुंदरीकरण के साथ ही लाइट एंड साउंड शो का कार्य भी स्वीकृत किया गया है, ताकि वर्तमान पीढ़ी महाराजा लाखन पासी, सातन पासी, बिजली पासी जैसे योद्धाओं के इतिहास को जान सके।

महिला पीएसी बटालियन को मिला वीरांगनाओं का नाम
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हर क्रांतिकारी और बलिदानी के योगदान को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 8 वर्षों में 2 लाख 19 हजार पुलिस भर्ती की है, जिसमें 20 फीसदी महिलाओं की भर्ती अनिवार्य की गई।

उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश में तीन नई महिला पीएसी बटालियन भी गठित की हैं। लखनऊ पीएसी बटालियन का नाम वीरांगना ऊदा Devi के नाम पर, गोरखपुर बटालियन का नाम वीरांगना झलकारी बाई कोरी और बदायूं बटालियन का नाम वीरांगना अवंती बाई लोधी के नाम पर रखा गया है।
वंचित वर्ग का उत्थान सरकार का ध्येय

सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार लखनऊ में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के स्मारक व सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण युद्ध स्तर पर करा रही है। उन्होंने अटल आवासीय विद्यालय, सर्वोदय विद्यालय, अभ्युदय कोचिंग और अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने जोर देकर कहा, “नारीशक्ति का सम्मान, वंचित वर्ग का उत्थान डबल इंजन सरकार का ध्येय है।”

इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सांसद अशोक रावत, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक राजेश्वर सिंह, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र सिंह प्रधान, महेंद्र सिंह, पवन सिंह चौहान, मुकेश शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर और भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

Sunil Yadav

संपादक, लेखक और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button