UP

जिंदा मरीज को बताया मृत, डॉॅक्टर समेत तीन निलंबित

Lucknow: बिना किसी पुख्ता जांच के मरीज को मृत घोषित करने के प्रकरण में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक (Dy. Brajesh Pathak) के आदेश पर डाक्टर समेत तीन लोगों को निलंबित (Suspend) कर दिया गया है। वहीं मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गयी है, जिसकी रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर सौंपने के आदेश दिये गये हैं।

मामला कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज (GSVM) का है। यहां मेडिसिन विभाग के वार्ड नंबर 12 के बेड संख्या 43 पर मृत के स्थान पर जीवित मरीज का पुलिस इन्फॉर्मेशन (PI) भेजे जाने का प्रकरण सामने आया है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रकरण को गंभीरता से लिया।

इसे भी पढ़ें : पारंपरिक टीबी जांच से पकड़ में नहीं आ रही शुरुआती बीमारी

उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। इसे किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में घटनाओं पर अंकुश लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं। डिप्टी सीएम ने कॉलेज के प्रधानाचार्य को कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रकरण की गंभीरता के मद्देनजर ड्यूटी पर तैनात जूनियर रेजिडेंट डॉ. हिमांशु मौर्या, नर्सिंग स्टाफ सनी सोनकर और वार्ड आया रहनुमा को निलंबित कर दिया गया है।

तीन दिन में रिपोर्ट तलब

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। कमेटी का अध्यक्ष जीएसवीएम की उप प्रधानाचार्य डॉ. ऋचा गिरि को नामित किया गया है। जबकि संबद्ध चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरके सिंह और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल को सदस्य नामित किया गया है। तीन दिन के भीतर कमेटी को जांच कर रिपोर्ट सौंपनी होगी।

 

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

Back to top button