देशभक्ति के रंग में रंगा डीपीएस सीतापुर, भव्य समारोह में गूंजा ‘वंदे मातरम्’

सीतापुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ सीतापुर शिक्षण संस्थान की सचिव डॉ. सुमन मेहरोत्रा एवं उपाध्यक्षा डॉ. इशिता मेहरोत्रा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। इस अवसर पर गणमान्य अतिथियों का राष्ट्रीय प्रतीक चिन्ह पहनाकर स्वागत किया गया तथा महापुरुषों एवं वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आर.के. सिंह ने स्वागत भाषण में स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।

समारोह में डीपीएस के वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत समूहगान प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

इस अवसर पर उपाध्यक्षा डॉ. इशिता मेहरोत्रा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय की प्रगति के लिए प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।

नन्हे-मुन्ने प्री-प्राइमरी विद्यार्थियों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। वहीं डीपीएस जूनियर विंग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने सामाजिक एवं राष्ट्रीय चेतना का प्रभावशाली संदेश दिया।

समारोह के दौरान संस्थान के विभिन्न महाविद्यालयों के प्रमुखों ने अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों एवं विचारों को साझा किया। सीतापुर शिक्षण संस्थान की सचिव डॉ. सुमन मेहरोत्रा ने अपने संबोधन में संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय ललित किशोर मेहरोत्रा को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
समारोह के अंत में हेडमिस्ट्रेस फराह इमाम ने आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों के बीच मिष्ठान वितरित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने उपस्थित सभी लोगों में देशभक्ति, एकता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया। इस अवसर पर सभी ने स्वतंत्रता के मूल्यों को बनाए रखने तथा देश की प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।




