UP

पार्थ इंफ्रा के ऑफिस पर आवंटियों का जोरदार प्रदर्शन, 11 साल से फंसे हैं गाढ़ी कमाई के पैसे

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कानपुर रोड स्थित ‘पार्थ रिपब्लिक’ योजना के आवंटियों का सब्र जवाब दे गया है। सोमवार, 1 जून को बड़ी संख्या में परेशान आवंटियों ने पार्थ इंफ्रा के गोमती नगर स्थित ऑफिस पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। ये सभी लोग कंपनी की डायरेक्टर अनुभा यादव से मिलने पहुंचे थे।

बता दें कि सैकड़ों आवंटियों ने पिछले 11 वर्षों से कानपुर रोड स्थित इस योजना में फ्लैट बुक करा रखे हैं। आवंटियों का आरोप है कि पूरा पैसा जमा करने के बावजूद आज तक न तो फ्लैट का निर्माण शुरू हुआ है और न ही किसी को पजेशन मिला है।

प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन कर रहे फ्लैट ओनर्स ने कंपनी प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि डायरेक्टर अनुभा यादव की नीयत न तो निर्माण कराने की है और न ही फ्लैट देने की। आवंटियों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक रसूख और ऊंचे संपर्कों के कारण प्रबंधन बेफिक्र है। उनके भीतर शासन-प्रशासन का कोई डर या नैतिकता नहीं बची है।

पुलिस बुलाने और अभद्रता का आरोप

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, जब वे अपनी शिकायत लेकर पहुंचे तो ऑफिस स्टाफ ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। यही नहीं, शांतिपूर्ण तरीके से चल रहे इस प्रदर्शन को दबाने के लिए पुलिस भी बुला ली गई।

Parth Infra 2 1 e1780330849148

मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

अब सभी आवंटियों ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि आम जनता के हितों की रक्षा की जाए। जीवन भर की गाढ़ी कमाई लगाकर बुक किए गए फ्लैट उन्हें जल्द से जल्द आवंटित किए जाएं, ताकि आम आदमी को न्याय मिल सके।

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button