
Lucknow: पर्यावरण (Environment) को हरा भरा बनाने के मकसद से केजीएमयू में कार्यरत सत्येंद्र कुमार (Satendra Kumar) ने 500 पेड़ लगाने का संकल्प लिया है। एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के साथ पुरानी पेंशन के नाम भी उन्होंने वृक्षारोपण किया।
राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में राजकीय नर्सेज संघ के पदाधिकारियों और नर्सों के साथ मिलकर ‘अभियान की शुरुआत की। वह अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, बच्चों के जन्मदिन, माता-पिता की पुण्य स्मृति और अन्य शुभ अवसरों पर पौधे लगाकर अन्य साथियों को भी प्रेरित कर रहे हैं।

विभाग में रेस्पिरेटरी-रोटरी पार्क, हर्बल पार्क और पोषण वाटिका के संरक्षण एवं विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आरोग्य वाटिका की स्थापना हो या आगंतुकों, नव नियुक्त डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम, सभी के आयोजन में उनका विशेष सहयोग रहता है। पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन और विकास के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. अरुण कुमार और जिला वन अधिकारी सितांशु पांडेय (आईएफएस) द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।
सत्येंद्र कुमार बुके एवं फूल भेंट करने के स्थान पर पौधे देकर स्वागत एवं सम्मानित करने की परंपरा को बढ़ावा दे रहे हैं। पर्यावरण दिवस पर बसंतकुंज पार्क में उन्होंने एक पौधा ‘पुरानी पेंशन के नाम’ लगाकर सरकार का ध्यान पुरानी पेंशन योजना की ओर खींचा है। उन्होंने वर्तमान में बढ़ते वायु प्रदूषण और अंधाधुंध प्लास्टिक के उपयोग की रोकथाम हेतु जनमानस से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत अपने घर, मैदान, बाग इत्यादि में पौधे लगाने की अपील भी की।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



