UP

गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानियां

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ गुरुवार को भीषण गर्मी की चपेट में रहा, जब तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। इसके अलावा झांसी, कानपुर, आगरा, बांदा में लोग गर्मी के कारण बेहाल हो गए। दिन में आसमान से आग बरसती रही हो तो रात में भी गर्म हवाएं तपा रही थी। 

गर्मी से बेहाल लोगों की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही और लो-वोल्टेज की समस्या सामने आई।

दिन भर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। शहर के कैसरबाग, चौक, राजाजीपुरम, हसनगंज, आलमबाग, विकासनगर सहित कई क्षेत्रों में 1 से 4 घंटे तक बिजली कटौती हुई, जिससे पंखे और कूलर बंद पड़ गए।

UP Temperature

लखनऊ के अलावा, बांदा (44.8°C), झांसी (44.7°C), आगरा और कानपुर (44.6°C) भी तपिश में झुलसते रहे। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चार दिन भी इसी तरह गर्म और असहज रहने वाले हैं।

गर्मी से राहत देने के लिए नगर निगम की ओर से सड़कों पर टैंकरों से पानी का छिड़काव किया गया, लेकिन राहत नाकाफी रही।

यूपी के टॉप 4 जिले:

  • बांदा – 44.8 डिग्री
  • झांसी – 44.7 डिग्री
  • आगरा – 44.6 डिग्री
  • कानपुर – 44.6 डिग्री

बिजली की डिमांड ने भी बनाया रिकॉर्ड

गर्मी के चलते राजधानी में बिजली की मांग गुरुवार को 1,975 मेगावॉट तक पहुंच गई, जो अब तक की सबसे ऊंची मांग है। पिछले साल 2024 में यह आंकड़ा 1,937 मेगावॉट, 2023 में 1,688 मेगावॉट और 2022 में 1,644 मेगावॉट रहा था।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान: आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास रह सकता है और लू का असर और तेज होगा। लोगों को घर से बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button