यूपी में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: स्मार्ट मीटर अब होंगे पोस्टपेड, प्रीपेड व्यवस्था खत्म
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। प्रदेश भर में प्रीपेड स्मार्ट मीटर के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सरकार बैकफुट पर है। जिसके बाद राज्य सरकार ने स्मार्ट मीटर से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों को देखते हुए एक अहम फैसला लिया है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने घोषणा की है कि अब सभी स्मार्ट मीटर सामान्य पोस्ट-पेड मीटर की तरह ही काम करेंगे।
इस मतलब है कि प्रीपेड व्यवस्था को खत्म कर दिया गया है। ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस फैसले की जानकारी साझा की। उन्होंने ‘उपभोक्ता देवो भव:’ के मूल मंत्र को दोहराते हुए विभागीय कार्यप्रणाली में कई महत्वपूर्ण बदलावों का ऐलान किया है।
गौरतलब है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर उपभोक्ता काफी परेशान थे। रिचार्ज के बाद भी उनका बैलेंस निगेटिव हो जाता था। निगेटिव बैलेंस के कारण सप्लाई बंद हो जाती थी। कई उपभोक्ताओं के साथ ऐसी समस्याएं आ रहीं थी कि रिचार्ज करने के बाद भी सप्लाई चालू नहीं होती थी। इसी कारण लोग इस मीटर का विरोध कर रहे थे। हालांकि अभी तक पावर कारपोरेशन स्मार्ट प्रीपेड मीटर को अच्छा व बेहतर विकल्प ठहराने की कोशिश कर रहा था। उपभोक्ताओं को होने वाली समस्याओं को दूर करने और मीटरों की जांच करने के लिए चार सदस्यी विशेषज्ञ कमेटी भी बनाई गई है।
अब ऐसे काम करेगी नई व्यवस्था
-
प्री-पेड सिस्टम खत्म: स्मार्ट मीटर में अब प्री-पेड व्यवस्था पूरी तरह से समाप्त कर दी गई है।
-
पोस्ट-पेड बिलिंग: उपभोक्ताओं को अब महीने की 1 से 30 तारीख तक का बिल अगले दस दिनों के भीतर भेजा जाएगा।
-
एसएमएस/व्हाट्सएप पर बिल: बिल की जानकारी उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस या व्हाट्सएप के जरिए दी जाएगी।
-
बिजली नहीं कटेगी: विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में महीने के बीच में बिजली नहीं काटी जाएगी।
-
बकाया पर किस्तों की सुविधा: जिन उपभोक्ताओं का पुराना बकाया है, उन्हें अपना बिल दस आसान किस्तों में चुकाने की सुविधा प्रदान की जाएगी।
पुराने मीटर बदलने का काम स्थगित
ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया है कि पुराने मीटरों को हटाकर नए स्मार्ट या प्रीपेड मीटर लगाने का कार्य फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा, जिन उपभोक्ताओं के यहाँ हाल ही में स्मार्ट मीटर लगे हैं और उन्हें तकनीकी शिकायतें आ रही हैं, तो उनका समाधान करना विभाग की पहली प्राथमिकता होगी।

गर्मियों के लिए विशेष तैयारी
आगामी गर्मियों को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने शक्ति भवन में बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि गर्मी के मौसम में आम जनता को बिजली से जुड़ी कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे समय पर अपना बिल भरें और विभाग के संदेशों को प्राप्त करने के लिए अपना मोबाइल नंबर अपडेट करा लें।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




