Health

KGMU: डॉक्टरों ने 6 साल के बच्चे के गले से दुर्लभ गांठ निकाल कर दिया जीवनदान

लखनऊ: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU ) के डॉक्टरों ने एक बड़ी मेडिकल उपलब्धि हासिल की है। पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग ने एक 6 वर्षीय मासूम को नई जिंदगी दी है। बच्चे के गले में एक अत्यंत दुर्लभ गांठ (Esophagus Cyst) थी। डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर इसे सफलतापूर्वक निकाल दिया है। अब बच्चा बिना किसी परेशानी के सामान्य भोजन कर पा रहा है।

मरीज का नाम अभिनव (6 वर्ष) है। वह अंबेडकर नगर के जैतपुर क्षेत्र स्थित दौलताबाद गांव का रहने वाला है। पिछले 6 महीने से वह गले में गांठ की समस्या से जूझ रहा था। बीते एक महीने से स्थिति और बिगड़ गई थी। उसे खाना निगलने में भी भारी कठिनाई होने लगी। स्थानीय स्तर पर इलाज से कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद निराश परिजन उसे केजीएमयू लेकर पहुंचे।

पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के प्रोफेसर आनंद पांडे ने बच्चे की जांच की। जांच में गले के बाईं ओर एक बड़ी गांठ मिली। सीटी स्कैन (CT Scan) में साफ हुआ कि यह खाने की नली (एसोफैगस) से जुड़ी एक सिस्ट है। यह सिस्ट इतनी बड़ी थी कि गले की मुख्य धमनी और नसों को एक तरफ धकेल रही थी।

विभागाध्यक्ष डॉ. जेडी रावत की देखरेख में डॉक्टरों की एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में डॉ. आनंद पांडे, डॉ. कौशल कुलकर्णी, डॉ. मनीष और डॉ. श्रेया शामिल थे। एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व डॉ. सतीश वर्मा ने किया।

यह भी पढें: 

  1. रोबोट से किया गया बच्चे के हार्निया का आपरेशन
  2. यूपी में प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य पर बड़ा एक्शन, हाई लेवल जांच कमेटी गठित 
  3. 10 किलो की बच्ची के पेट से निकाला गया 1.5 किलो का ट्यूमर, KGMU के डॉक्टरों को मिली बड़ी सफलता

करीब दो घंटे तक यह जटिल ऑपरेशन चला। डॉक्टरों ने सिस्ट को नसों से सावधानीपूर्वक अलग कर बाहर निकाल दिया। डॉ. आनंद पांडे ने बताया कि यह बीमारी बहुत दुर्लभ है। मेडिकल इतिहास में इसके 50 से भी कम मामले दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें: केजीएमयू को नवजात शिशुओं की सर्जरी में सहायक डिवाइस का पेटेंट मिला

डॉ. जेडी रावत के मुताबिक बच्चा अब पूरी तरह स्वस्थ है। उसकी गले की रुकावट दूर हो गई है। पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग जटिल और दुर्लभ मामलों के इलाज के लिए पूरी तरह सक्षम है। केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने इस बड़ी सफलता पर डॉक्टरों की पूरी टीम को बधाई दी है।

 

ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button