Lucknow: सोमवार को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुन रहे थे। वह एक-एक वह सभी फरियादियों के पास जा रहे थे। अब बारी थी कानपुर के रायपुरवा निवासी बुजुर्ग महिला की। जब मुख्यमंत्री उसके पास पहुंचे तो महिला ने कहा महाराज, मेरी जवान बेटे को कैंसर हो गया है।
हम बहुत गरीब हैं, इलाज के खर्च के लिए पैसा नहीं है। हमारे पास आयुष्मान कार्ड भी नहीं है। आप मेरे बेटे का जीवन बचा लीजिए। इलाज के लिए आर्थिक सहायता की जरूरत है। बुजुर्ग की बात सुन मुख्यमंत्री का दिल भर आया। उन्होंने अफसरों को मदद का आदेश दिया, जिसके बाद महिला के बेटे को सीएम आवास से सीधे कल्याण सिंह कैंसर सुपर स्पेशियिलिटी इंस्टीट्यूट भिजवा दिया गया।
आमतौर पर जनता सीएम योगी आदित्यनाथ को एक सख्त राजनेता के रूप में देखती रही है मगर सोमवार को जनता दरबार में उनका जो रूप बुजुर्ग मां ने देखा तो उसके दिल से खूब आशीर्वाद निकले। जनता दर्शन में आज 50 से अधिक पीडि़त पहुंचे। मुख्यमंत्री सभी के पास जाकर उनके प्रार्थना पत्र लेकर अफसरों से समस्या निवारण के निर्देश दे रहे थे। कानपुर के रायपुरवा की बुजुर्ग महिला के कैंसर पीडि़त बेटे को इलाज मुहैया कराया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर महिला के बेटे को जनता दर्शन से सीधे कैंसर संस्थान भेजकर भर्ती कराया। जहां उसकी जांच प्रारंभ हो गई।
मुख्यमंत्री के अनुसार नर सेवा ही नारायण सेवा हैं और वह उसी संदेश के साथ काम करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर सेवा, नारायण सेवा को अंगीकृत कर कार्य कर रही है। प्रदेश वासियों के चेहरे पर खुशी लाना सरकार का उद्देश्य है। इसी के तहत सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कमजोर वर्ग के साथ खड़ी है। जब कभी भी गंभीर रोग से पीडि़त व्यक्ति ने इलाज के लिए सरकार से गुहार लगाई है उसे सहायता उपलब्ध कराई गई है। इलाज के लिए सरकार इसी प्रकार कमजोर वर्ग के लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती रहेगी।
अन्य पीडि़तों की भी सीएम ने की सुनवाई
जनता दर्शन में मथुरा-वृंदावन और लखनऊ से आए कुछ लोगों ने क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण की शिकायत की। नोएडा से आए एक पीडि़त ने साइबर फ्रॉड से जुड़े मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने की शिकायत की। इलाज के लिए आर्थिक सहायता, पुलिस, प्रशासन, राजस्व, बिजली आदि से जुड़े मामले भी लोगों ने रखे। जनता दर्शन में कई फरियादियों के साथ बच्चे भी आए, जिन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुलार भी किया।