लखनऊ में 25 सितंबर को होने वाली ATEWA की रैली से प्रशस्त होगा पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण और TET समाप्ति का मार्ग : विजय बंधु

लखनऊ। अटेवा पेंशन बचाओ मंच की ओर से 25 सितंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाली महारैली की तैयारियां तेज हो गई हैं। रैली की सफलता और रूपरेखा तय करने के लिए रविवार को प्रदेश, मंडल और जिला पदाधिकारियों की एक अहम बैठक स्व. डॉ. रामाशीष स्मृति भवन, पारा (लखनऊ) में आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु ने स्पष्ट किया कि यह रैली प्रदेश के शिक्षकों और कर्मचारियों के भविष्य के लिए निर्णायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर का आंदोलन पुरानी पेंशन (OPS) बहाली, निजीकरण के खात्मे और शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता समाप्त करने का मजबूत मार्ग प्रशस्त करेगा।

प्रदेश महामंत्री डॉ. नीरजपति त्रिपाठी ने सभी शिक्षक और कर्मचारी संगठनों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की लड़ाई किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि समूचे कर्मचारी वर्ग के अस्तित्व की लड़ाई है। इसलिए 25 सितंबर को सभी संगठन अटेवा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मैदान में उतरें। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महासंघ के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार ने जोर देकर कहा कि पुरानी पेंशन हर शिक्षक और कर्मचारी का संवैधानिक अधिकार है, जिसे सरकार को बिना देरी बहाल करना चाहिए।

प्रदेशीय उपाध्यक्ष चन्द्रहास सिंह ने कहा कि अटेवा ने निजीकरण, TET की अनिवार्यता और पेंशन बहाली जैसे मुद्दों पर हमेशा अग्रिम मोर्चे पर लड़ाई लड़ी है। वहीं प्रदेशीय सलाहकार राकेश रमन, ओमप्रकाश कन्नौजिया और जनार्दन शुक्ला ने दावा किया कि जनपदों में इस रैली को लेकर शिक्षकों व कर्मचारियों में भारी उत्साह है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में पुरानी पेंशन बहाल हो चुकी है। अब उत्तर प्रदेश में भी इसे लागू कराने का सही समय आ गया है, बशर्ते सभी कर्मचारी संगठित होकर पूरी ताकत झोंक दें।
बैठक में विक्रमादित्य मौर्य, कुलदीप सैनी, रजत प्रकाश ‘प्रहरी’, विधिक सलाहकार नरेंद्र कुमार, सुमन कुरील, शशिलता, डॉ. आशीष वर्मा, अमन यादव, सुनील वर्मा, विजय विश्वास, सुभाष यादव, पार्वती विश्वकर्मा, कमलेश वर्मा, नर सिंह, रामचंद्र, विवेक, नरेन्द्र कुमार वर्मा, सुरेश, राकेश चन्द्रपाल, चंद्रशेखर, अवनीश कुमार, डॉ. जैनुल खान, इरफान अहमद, विश्वनाथ मौर्य, अजय यादव, राजन खान, राजमणि पाल, इन्द्रेश यादव, चंदन सिंह, रामबली, निधान सिंह और राकेश कुमार वर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



