फिट रहे तो 60 साल तक काम करेंगे आउटसोर्स बिजली कर्मी, नौकरी से निकाले गए लोगों की भी होगी वापसी
लखनऊ। यूपी के बिजली निगमों में लंबे समय से काम कर रहे आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। जो कर्मचारी शारीरिक रूप से फिट हैं और काम करने में सक्षम हैं, वे अब 60 साल की उम्र तक अपनी सेवाएं दे सकेंगे। इसके साथ ही, जिन कर्मचारियों को पहले नौकरी से निकाल दिया गया था, उनकी वापसी का रास्ता भी खुल गया है। हालांकि, बहाली से पहले उनके पुराने कार्यकाल के रिकॉर्ड और आचरण की सख्त जांच की जाएगी। पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन और कर्मचारी संगठन के बीच हुई अहम वार्ता में इन प्रस्तावों पर सहमति बन गई है।
55 की उम्र के बाद देना होगा फिटनेस सर्टिफिकेट
पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद और आउटसोर्स कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के बीच सेवा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में तय हुआ कि 55 साल की उम्र पूरी करने वाले कर्मचारियों को अपनी संबंधित आउटसोर्स एजेंसी को एक फिटनेस प्रमाणपत्र (Fitness Certificate) देना होगा।
कर्मचारियों को यह भी घोषित करना होगा कि वे पूरी तरह से काम करने में सक्षम और इच्छुक हैं। इसके बाद एजेंसी ऐसे सभी कर्मचारियों का विवरण कॉरपोरेशन को उपलब्ध कराएगी, जिससे उन्हें काम देने में प्राथमिकता मिल सके। इस नई व्यवस्था को जमीन पर उतारने के लिए आउटसोर्स एजेंसियों के अनुबंध (Contract) में जरूरी संशोधन किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें
- देश में पहली बार इलेक्ट्रिक कार से घर और ग्रिड को मिलेगी बिजली: केरल में IIT बॉम्बे का ऐतिहासिक प्रयोग
- गंभीर मरीजों की जान बचाने के लिए बने ‘वेंटिलेटर कमांड सेंटर’, विशेषज्ञों ने सरकार को दिया सुझाव
- यूपी के 60 हजार ग्राम प्रहरियों को योगी सरकार का तोहफा: मानदेय में 40% की बढ़ोतरी, पेंशन में भी इजाफे की तैयारी
दागी कर्मचारियों की नहीं होगी वापसी
नौकरी से हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा रखने से पहले संबंधित डिस्कॉम (Discom) उनके पुराने रिकॉर्ड का सत्यापन करेगा। जिन कर्मचारियों पर ड्यूटी में लापरवाही, उपभोक्ताओं के साथ अभद्रता, अनुशासनहीनता, बिजली चोरी, धन उगाही या बिलिंग में गड़बड़ी जैसी गंभीर शिकायतें हैं, उनकी वापसी पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। केवल साफ-सुथरी छवि वाले कर्मचारियों को ही दोबारा मौका मिलेगा।
राजस्व बढ़ाने में मदद करेगा कर्मचारी संगठन
प्रबंधन के साथ हुई इस सकारात्मक वार्ता के बाद कर्मचारी संगठन ने अपना प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया है। संगठन ने कॉरपोरेशन के कामकाज में पूरी तरह से सहयोग करने का आश्वासन दिया है। कर्मचारी नेताओं ने अगले छह महीने में एटीएंडसी (AT&C) हानियों में 10 प्रतिशत की कमी लाने, लाइन लॉस (Line Loss) घटाने और विभाग की राजस्व वसूली बढ़ाने में मदद करने की बात कही है। इस अहम बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मो. खालिद, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र पांडेय और प्रदेश महामंत्री देवेंद्र कुमार पांडेय सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



