टॉपर्स के हाथों हुआ स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास, शिक्षा और विकास का अनोखा संगम

सीतापुर। जनपद में विकास और शिक्षा का प्रेरणादायक संगम देखने को मिला, जब ग्रामीण क्षेत्र में बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास जिले की मेधावी छात्राओं के हाथों कराया गया।
उ०प्र० राजकीय निर्माण निगम लि० द्वारा “क्रिटिकल गैप्स की पूर्ति योजना” के अंतर्गत ग्राम बरई जलालपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण कार्य (लागत ₹74.88 लाख) का शिलान्यास हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट 2026 की टॉपर्स—कशिश वर्मा और शिखा वर्मा—द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस गरिमामयी अवसर पर राजागणपति आर. (जिलाधिकारी, सीतापुर) मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने दोनों छात्राओं से संवाद कर उनकी मेहनत और उपलब्धि की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि निरंतर परिश्रम और समर्पण से ही सफलता मिलती है। उन्होंने छात्राओं को आगे भी इसी तरह पढ़ाई जारी रखने और उच्च पदों पर पहुंचने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि शिक्षा और प्रतिभा को समाज में सर्वोच्च सम्मान मिलना चाहिए।




