अब व्यापारी के विश्वास का प्रकाश है रात में जगमगाते बाजारों की रोशनी: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए रात में जगमगाते बाजारों को ‘व्यापारी के विश्वास का प्रकाश’ बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त होते ही व्यापारिक गतिविधियां सिमटने लगती थीं, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।
मातृशक्ति का आत्मविश्वास समाज की प्रगति का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने लिखा कि नए उत्तर प्रदेश में रात के समय जगमगाते बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की रोशनी केवल व्यापार की नहीं, बल्कि व्यापारी के विश्वास का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नाइट शिफ्ट में अपने कार्यस्थल पर निर्भय होकर दायित्व निभाती हमारी मातृशक्ति का आत्मविश्वास केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की प्रगति को दर्शाता है।
2017 से पहले महिलाओं की सुरक्षा को लेकर रहता था डर
सीएम योगी ने कहा कि सुरक्षा और विश्वास का यह वातावरण प्रदेश में हमेशा नहीं था। वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण शाम ढलते ही व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं। देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में हमेशा चिंता का माहौल बना रहता था।
डबल इंजन सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति से बदला माहौल
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार ने इस परिस्थिति को पूरी तरह से बदल दिया है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया और महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। इसका परिणाम है कि आज बाजार रात में भी खुले रहते हैं, जिससे व्यापारियों को अपने व्यवसाय के विस्तार के नए अवसर मिल रहे हैं। बेटियां अब सुरक्षित वातावरण में अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर आगे बढ़ रही हैं।
‘सुरक्षा से समृद्धि’ की ओर अग्रसर नया उत्तर प्रदेश
आंकड़ों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में महिला श्रम बल की भागीदारी मात्र 13 प्रतिशत के लगभग थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो चुकी है। यह आंकड़ा मातृशक्ति के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक सामर्थ्य और स्वावलंबन को प्रमाणित करता है। उन्होंने इसे ‘सुरक्षा से समृद्धि’ की ओर बढ़ते ‘नए उत्तर प्रदेश’ की नई पहचान बताया।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



