कारसेवकों पर गोली चलवाने वाले कर रहे सनातन की बात, सुभाष यदुवंश का अखिलेश पर पलटवार

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या को सनातन की वैश्विक राजधानी बनाने वाले बयान पर भाजपा एमएलसी सुभाष यदुवंश ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने अखिलेश के बयान को हास्यास्पद और बचकाना बताया और कहा कि जिनके शासन में कारसेवकों पर गोलियां चलीं, उन्हें अयोध्या पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। सुभाष यदुवंश ने मांग की कि अखिलेश अयोध्या जाने से पहले सरयू में स्नान करें और कारसेवकों से माफी मांगें।
‘अयोध्या पहले से सनातन की राजधानी’
लखनऊ में जारी बयान में सुभाष यदुवंश ने कहा कि भाजपा सरकार में अयोध्या में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर पहले ही खड़ा हो चुका है। पांच सौ वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है, जिसे पूरी दुनिया के लोग पहले से ही सनातन की वैश्विक राजधानी मानते हैं। उन्होंने कहा कि सपा के लिए रामनगरी कब्रिस्तान थी, जबकि भाजपा सरकार ने इसे विश्व मानचित्र पर स्थापित किया है।
कारसेवकों पर गोलीकांड की याद दिलाई
भाजपा एमएलसी ने कहा कि जिनके शासनकाल में मां सरयू का पानी कारसेवकों के रक्त से लाल हो गया था, वही आज सनातन की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेताओं ने हमेशा राम मंदिर का विरोध किया। रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव और हाल ही में सपा सांसद सनातन पांडेय के कारसेवकों पर गोली चलवाने को सही ठहराने वाले बयानों का जिक्र करते हुए उन्होंने अखिलेश की चुप्पी पर सवाल उठाया। सुभाष यदुवंश ने कहा कि अखिलेश यादव को शर्म आनी चाहिए कि उनकी पार्टी के नेता आज भी इन हत्याओं को जायज ठहरा रहे हैं और उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकल रहा।
मथुरा पर रुख साफ करने की चुनौती
सुभाष यदुवंश ने अखिलेश यादव को सीधी चुनौती दी कि अगर हिम्मत है तो वे मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनाने की बात करें। उन्होंने कहा कि अखिलेश वोट बैंक की राजनीति के कारण मथुरा के मुद्दे पर चुप रहते हैं। भाजपा तो वहां मंदिर बनवाएगी ही, लेकिन अखिलेश को भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब हर रोज उनसे पूछा जाएगा कि वे मथुरा और भगवान कृष्ण के मंदिर पर कब बोलेंगे।
‘सैफई परिवार ने यदुवंशियों को सिर्फ वोट बैंक समझा’
यदुवंश समाज का जिक्र करते हुए सुभाष यदुवंश ने कहा कि सपा के सैफई परिवार ने दशकों से यदुवंशियों को केवल वोट के लिए इस्तेमाल किया। परिवार के लोग सांसद, विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री बनते रहे, जबकि बाकी यदुवंश समाज को सिर्फ दरी बिछाने का काम मिला।
‘न सरयू माफ करेगी, न कारसेवक’
सुभाष यदुवंश ने अखिलेश यादव से कहा कि वे अयोध्या जाने से पहले मां सरयू के पावन जल में स्नान करें और कारसेवकों व उनके परिजनों से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि न मां सरयू, न कारसेवक और न ही हिंदू समाज सपा को कभी माफ करेगा।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



