1 साल के मासूम के गुर्दे से निकाला 1.2 किलो का ट्यूमर, 4 घंटे चला ऑपरेशन

लखनऊ। राजधानी के बलरामपुर अस्पताल (Balrampur Hospital) के डॉक्टरों ने एक बड़ी मेडिकल उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के सर्जनों ने मात्र 1 साल के मासूम बच्चे के शरीर से 1.2 किलोग्राम का विशाल ट्यूमर निकालने में कामयाबी पाई है। यह जटिल शल्य चिकित्सा (Surgery) 06 नवंबर 2026 को की गई। करीब 4 घंटे चले इस ऑपरेशन के बाद मासूम की हालत पूरी तरह सामान्य और खतरे से बाहर है।
पैसे के अभाव में भटक रहा था परिवार
सीतापुर जिले के बिसवां निवासी एक वर्षीय रियांश को पिछले दो महीने से पेट के बाईं ओर भारी सूजन थी। बच्चे के पिता इम्तियाज पेशे से बढ़ई हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण बड़े निजी अस्पतालों में इलाज कराना उनके लिए संभव नहीं था। स्थानीय डॉक्टर की सलाह पर परिवार बच्चे को बलरामपुर अस्पताल की बाल शल्य चिकित्सा (Pediatric Surgery) ओपीडी में लेकर पहुंचा। यहां परीक्षण और अल्ट्रासाउंड-सीटी स्कैन के बाद पता चला कि बच्चे के बाएं गुर्दे (Left Kidney) में विल्म्स ट्यूमर (Wilms’ Tumor / Nephroblastoma) है।
कटे होंठ और कम उम्र ने बढ़ाई थी चुनौती
इस केस में बड़ी चुनौती यह भी थी कि रियांश का जन्मजात कटा होंठ (Cleft Lip) था। इसका ऑपरेशन सात माह की उम्र में ‘स्माइल ट्रेन’ संस्था के माध्यम से हुआ था, जबकि कटे तालू (Cleft Palate) का ऑपरेशन अभी होना बाकी है। बच्चे की कम उम्र और इस पूर्व मेडिकल हिस्ट्री के कारण लंबे समय तक एनेस्थीसिया देना और ट्यूमर को सुरक्षित निकालना चिकित्सकीय दृष्टि से एक बड़ा जोखिम था।
डॉ. अखिलेश की टीम को मिली कामयाबी
इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी की कमान अस्पताल के वरिष्ठ बाल शल्य चिकित्सक डॉ. अखिलेश कुमार ने संभाली। उनकी टीम ने 4 घंटे के अथक प्रयास से 1.2 किलो वजनी ट्यूमर को बिना किसी फैलाव (Without Spillage) के सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यह भी पढ़ें
इस जटिल लेकिन सफल ऑपरेशन में एनेस्थीसिया टीम से डॉ. एम.पी. सिंह, डॉ. सादिक अली मिर्जा और ऋषि का अहम योगदान रहा। वहीं नर्सिंग और सहयोगी स्टाफ में सिस्टर इंचार्ज निर्मला मिश्रा, स्टाफ नर्स उर्मिला सिंह, सरिता, अंजना सिंह के साथ डॉ. एम. आरिज खान और राजू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अब मां के साथ खेल रहा है रियांश
डॉक्टरों के अनुसार, निकाले गए ट्यूमर को जांच (Histopathological Examination) के लिए पैथोलॉजी प्रयोगशाला भेज दिया गया है। फिलहाल बच्चे के सभी जीवनरक्षक पैरामीटर सामान्य हैं। वह सामान्य रूप से खाना खा रहा है और मल त्याग कर रहा है। रियांश अब बाल रोग वार्ड संख्या-3 में अपनी मां के साथ मोबाइल पर वीडियो देखते हुए खेल रहा है।
सरकारी अस्पतालों पर बढ़ेगा जनता का भरोसा
अस्पताल के निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.के.एस. चौहान ने पूरी टीम को इस कामयाबी पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चे का इतना जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक होना, अस्पताल की चिकित्सकीय दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह सफलता साबित करती है कि सरकारी अस्पतालों में भी समर्पित स्वास्थ्यकर्मियों के सामूहिक प्रयास से चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन किए जा सकते हैं।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



