यूपी के 14,988 परिषदीय विद्यालयों में आईसीटी लैब, डिजिटल शिक्षा से संवर रहा गांव के बच्चों का भविष्य

उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई का तरीका तेजी से बदल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब गांव के बच्चे भी डिजिटल तकनीक, आधुनिक विज्ञान और नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों से परिचित हो रहे हैं। प्रदेश के 14,988 परिषदीय विद्यालयों में आईसीटी लैब संचालित हो रही हैं, जो विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान से जोड़कर उनके भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रही हैं।
सरकार का यह प्रयास शिक्षा को परंपरागत दायरे से आगे ले जाकर आधुनिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के नए अवसर उपलब्ध करा रहा है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के अनुरूप परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए सक्षम बनाने की दिशा में व्यापक बदलाव किए जा रहे हैं।
आईसीटी लैब से सीखने का आधुनिक अनुभव
परिषदीय विद्यालयों में आईसीटी लैब विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शिक्षण का अहम माध्यम बन रही हैं। डिजिटल शैक्षिक सामग्री और तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल से बच्चों को विषयों को समझने के नए अवसर मिल रहे हैं। विज्ञान और गणित जैसे विषयों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाने से सीखने की प्रक्रिया अधिक रोचक और सहज हो गई है।
तकनीक आधारित शिक्षण विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा दे रहा है। आईसीटी लैब के जरिए बच्चों को डिजिटल दुनिया से परिचित कराने के साथ उन्हें भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
डिजिटल साक्षरता से विकसित हो रही तकनीकी दक्षता
आईसीटी लैब विद्यार्थियों को डिजिटल उपकरणों के उपयोग, सूचनाओं की समझ और तकनीक के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया से जोड़ रही हैं। आज के समय में डिजिटल साक्षरता शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। ऐसे में परिषदीय विद्यालयों में तकनीक आधारित पढ़ाई बच्चों को आधुनिक ज्ञान से जोड़ने के साथ उनकी समस्या समाधान क्षमता, तार्किक चिंतन और रचनात्मकता को भी निखार रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को समय की जरूरतों के अनुरूप ढालने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी आगे चलकर तकनीकी रूप से सक्षम नागरिक बन सकें।
गांव और शहर के बच्चों को समान अवसर
आईसीटी लैब के माध्यम से कक्षा में पढ़ाई को अधिक सहभागितापूर्ण, रोचक और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। डिजिटल संसाधनों से विद्यार्थियों को विषयों की बेहतर समझ विकसित करने और अपनी सीखने की क्षमता बढ़ाने का मौका मिल रहा है। तकनीक आधारित शिक्षण ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बच्चों के बीच आधुनिक शिक्षा के अवसरों को व्यापक बनाने में भी मददगार साबित हो रहा है। शिक्षकों को भी डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि कक्षा शिक्षण में तकनीक का समुचित समावेश हो सके।
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की बेसिक शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के सभी बच्चों को समान रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और वे तकनीकी रूप से दक्ष बनकर भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हों।”
स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल संसाधनों का विस्तार शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और विद्यार्थियों के लिए रुचिकर बना रहा है। उनके मुताबिक इससे विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता विकसित होने के साथ शिक्षकों को भी तकनीक आधारित शिक्षण के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी आधुनिक शिक्षा के अवसर प्राप्त कर ज्ञान और तकनीकी दक्षता के साथ आगे बढ़ सके।”
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




