UP

अब जरीब नहीं, सैटेलाइट तकनीक से होगी जमीन की पैमाइश; सीएम योगी ने 1,146 कनिष्ठ सहायकों को दिए नियुक्ति पत्र

उत्तर प्रदेश में अब जमीन की पैमाइश पुरानी जरीब से नहीं, बल्कि सैटेलाइट आधारित तकनीक से होगी। प्रदेश की सभी तहसीलों में इसके लिए रोवर मशीनें पहुंचा दी गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में कहा कि पहले पैमाइश में एक फीट की गड़बड़ी बढ़कर दस फीट तक पहुंच जाती थी और इसका नुकसान सबसे ज्यादा गरीबों को उठाना पड़ता था। अब नाप में एक इंच का भी फर्क नहीं रहेगा।

भैया दूज के दिन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) से चुने गए राजस्व विभाग के 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र बांटे। इसी मंच से मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी भेजी गई।

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नवचयनित कनिष्ठ सहायकों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

“2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में बैठे थे मुन्ना भाई”

मुख्यमंत्री ने मंच से नवनियुक्त युवाओं से पूछा कि क्या चयन के लिए किसी को सिफारिश करानी पड़ी या पैसे देने पड़े। सभी ने इससे इनकार किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले शासन और भर्ती प्रक्रिया में ‘मुन्ना भाई’ बैठे थे। ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ फिल्म का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि तब परीक्षा कोई और देता था और नियुक्ति पत्र कोई और ले जाता था।

उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में भर्ती आयोगों पर ‘सैफई सिंडिकेट’ का कब्जा था और भ्रष्टाचार के चलते योग्य युवाओं को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ता था। सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर उन्हें नियुक्तियों की गिनती नहीं आती, तो वे शिवपाल यादव को ट्यूटर रख लें।

26 जनवरी तक एक लाख नियुक्तियों का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 अगस्त तक प्रदेश में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जा चुके थे। इसके बाद 26 जनवरी तक एक लाख और नियुक्तियों का लक्ष्य रखा गया। 25 अगस्त से अब तक 16 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं, जिनमें 6 नवंबर को दिए गए 4,543 उपनिरीक्षकों के नियुक्ति पत्र भी शामिल हैं।

राजस्व विभाग में इससे पहले 10,836 नियुक्तियां हो चुकी हैं, जबकि 7,994 लेखपालों की भर्ती अंतिम चरण में है। पुलिस विभाग में 32 हजार और होमगार्ड के 42 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती पूरी हो चुकी है और सत्यापन चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले सप्ताह होमगार्ड जवानों को नियुक्ति पत्र देने की कोशिश है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवचयनित कनिष्ठ सहायक को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए

445 रोवर मशीनों से होगी जमीन की सटीक पैमाइश

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में ज्यादातर झगड़े जमीन को लेकर होते हैं। इन्हें खत्म करने के लिए 445 रोवर मशीनें खरीदी गई हैं, जिनसे जून में करीब 70 हजार जमीनों की पैमाइश कराई गई। उन्होंने बताया कि 2017 में राजस्व न्यायालयों में 34 लाख मुकदमे लंबित थे, जबकि अब तक 37,81,363 वादों का निस्तारण किया जा चुका है। जून के विशेष अभियान में नामांतरण के 3,10,056 मामले निपटाए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें समस्याएं खड़ी करती थीं, जबकि मौजूदा सरकार उनका समाधान कर रही है।

घरौनी से ग्रामीण परिवारों को मालिकाना हक

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुई घरौनी योजना से गांवों के परिवारों को आबादी की जमीन का मालिकाना अधिकार मिला है। महिलाओं के नाम संपत्ति होने से वे बैंक से कर्ज लेकर कारोबार शुरू कर पा रही हैं। उन्होंने बताया कि देश की आबादी में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 16 प्रतिशत है, लेकिन देशभर की कुल घरौनियों में प्रदेश का हिस्सा 37 प्रतिशत है।

1.40 लाख किसान परिवारों को मिल चुकी दुर्घटना सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि कृषक दुर्घटना कल्याण योजना में अब खेतिहर मजदूरों और बटाईदारों को भी शामिल किया गया है। सांप, बिच्छू, सांड़ और जंगली जानवरों के हमले से होने वाली दुर्घटनाएं भी योजना के दायरे में हैं। अब तक 1,40,196 किसान परिवारों को 5,833.50 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार अन्नदाता के परिवार के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थी को प्रतीकात्मक चेक देते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

“न कर्फ्यू, न दंगा, यूपी में अब सब चंगा”

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले त्योहारों पर दंगे और कर्फ्यू आम बात थी। उन्होंने दावा किया कि सपा की चार सरकारों के दौरान प्रदेश में 1,500 दंगे हुए, जबकि पिछले साढ़े नौ साल में न कर्फ्यू लगा और न दंगा हुआ। सुरक्षित माहौल से निवेश और रोजगार बढ़ा है और उत्तर प्रदेश आज देश की तीन प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

दीपावली पर प्रदूषण को लेकर आलोचना करने वालों पर भी मुख्यमंत्री ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भ्रष्टाचार से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया, उन्हें जनता के त्योहार मनाने पर प्रदूषण याद आता है।

ब्रजेश पाठक बोले- पहले नौकरी के लिए चलती थी पर्ची-खर्ची

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा सरकार में नौकरी के लिए पर्ची-खर्ची चलती थी और हर जिले में एजेंट सक्रिय रहते थे। अब बिना किसी जुगाड़ के नियुक्तियां हो रही हैं। उन्होंने नए कर्मचारियों से समाजसेवा को प्राथमिकता देने और राजस्व विभाग को देश में नंबर एक बनाने का आह्वान किया।

राजस्व राज्य मंत्री सुरेन्द्र दिलेर ने कहा कि तकनीक और नवाचार से राजस्व विभाग की तस्वीर बदली है। दुर्घटना पीड़ित परिवारों को दी जा रही सहायता सरकार की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को दिखाती है।

इन युवाओं को मंच पर मिले नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर की अंकिता सिंह, आगरा की आशिया बानो, सीतापुर के विवेक सिंह, आजमगढ़ के राजेश सरोज, पीलीभीत के धीरज कुमार, सहारनपुर की पारुल, चित्रकूट धाम के राजेश कुमार, वाराणसी के विनीत कुमार यादव, लखनऊ के आदर्श शुक्ला और अयोध्या के प्रिंस सिंह को मंच पर नियुक्ति पत्र सौंपे।

वहीं मीरा सिंह, अयोध्या की विदिता श्रीवास्तव, सीतापुर की रजनी देवी, उन्नाव की शिव प्यारी, लखनऊ की पूनम पांडेय, अयोध्या की शांति देवी, लखनऊ की राबिया, बाराबंकी की रीता सिंह, अयोध्या की रामरती और हरदोई की पिंकी देवी को प्रतीकात्मक चेक दिए गए।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राजस्व राज्य मंत्री सुरेन्द्र दिलेर, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल, रामचन्द्र प्रधान, राजस्व परिषद अध्यक्ष बाबू लाल मीना और प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यूजी मौजूद रहीं। बाबू लाल मीना ने मुख्यमंत्री का पौधा भेंटकर स्वागत किया।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button