ओपी राजभर का अखिलेश पर तीखा हमला: पूर्वांचल में सपा का 18% यादव वोट दरका, बोले- चाचा को सुबह-शाम दंडवत कीजिए

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को सोशल मीडिया पर किए गए एक्स पोस्ट में राजभर ने तंज कसा कि इधर अखिलेश यादव “नौ सौ चूहे खाकर मंदिर जाने” की तैयारी कर रहे हैं, उधर पूर्वांचल में सपा के अंदर बगावत का बिगुल बज चुका है। उन्होंने दावा किया कि पूर्वांचल में सपा का 18 प्रतिशत यादव वोट खिसक गया है और अखिलेश को सलाह दी कि वे शिवपाल यादव को रोज सुबह-शाम दंडवत प्रणाम करें।
पूर्वांचल में 18 फीसदी यादव वोट दरकने का दावा
ओपी राजभर ने सपा के ही एक नेता की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी के एक नेताजी ने लंबी-चौड़ी रिपोर्ट दी है, जिसमें बताया गया है कि पूर्वांचल में सपा का 18 प्रतिशत यादव वोट दरक गया है। राजभर ने कहा कि अखिलेश ने वह पत्र तो पढ़ ही लिया होगा, जिसमें सैफई परिवार के बीच एक बार फिर ‘महाभारत’ शुरू होने की बात खुलकर सामने आई है।
अखिलेश यादव जी,
इधर आप नौ सौ चूहे खाकर 'मंदिर' जाने की तैयारी कर रहे हैं, उधर पूर्वांचल में सपा के अंदर बगावत का बिगुल बज गया है। आपके एक नेताजी लंबी-चौड़ी रिपोर्ट दे दिये हैं कि पूर्वांचल में सपा का 18 परसेंट यादव वोट दरक गया है।
उसका लेटर तो पढ़ ही लिए होंगे आप! इसमें…
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) November 11, 2026
‘भतीजावादी’ और ‘चच्चावादी’ के बीच जंग
राजभर ने सैफई परिवार की इस खींचतान को ‘भतीजावादी’ और ‘चच्चावादी’ के बीच की लड़ाई बताया। उन्होंने दावा किया कि शिवपाल यादव के समर्थक जिलों में अखिलेश यादव के पुतले फूंक रहे हैं। राजभर ने आरोप लगाया कि बाहुबलियों और धनबलियों से डीलिंग के लिए वीडियो कॉल पर सीधे चाचा से बात कराई जा रही है और इस दौरान ‘भइया से अच्छे चाचा जी हैं’ जैसी बातें भी कही जा रही हैं।
‘राजधानी में बैठकर ट्विटर, एसी और पीसी करते रहिए’
सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि अखिलेश राजधानी में बैठकर ट्विटर, एसी और पीसी (प्रेस कॉन्फ्रेंस) करते रहें, जबकि जिलों में उनके खिलाफ बगावत शुरू हो चुकी है।
यह भी पढ़ें
‘हर सीट पर खड़े होंगे बागी उम्मीदवार’
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को नसीहत दी कि उन्हें आज और अभी से हर रोज सुबह-शाम अपने सबसे छोटे सगे चाचा को दंडवत प्रणाम करना शुरू कर देना चाहिए। उन्होंने कहा, “क्या पता, उनका दिल पिघल जाए और वह अपने हर अपमान को भूल जाएं।”
राजभर ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो हर सीट पर बागी उम्मीदवार होंगे, उम्मीदवारों को फंडिंग होगी और बड़े-बड़े लोगों से वीडियो कॉलिंग के जरिए डीलिंग भी होगी। इसके बाद अखिलेश यादव देखते रह जाएंगे।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




