यूपी के 5 लाख घरों पर लगेंगे रूफटॉप सोलर संयंत्र, केंद्र को भेजा 3,750 करोड़ का प्रस्ताव

लखनऊ। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत योगी सरकार ने प्रदेश के पांच लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया है। आधिकारिक बयान के अनुसार इस परियोजना से प्रदेश में करीब 750 मेगावाट अतिरिक्त सौर ऊर्जा क्षमता विकसित होगी। अनुमानित लागत लगभग 3,750 करोड़ रुपये है, जिसमें केंद्र और राज्य की वित्तीय सहायता प्रस्तावित है।
प्रस्ताव उपयोगिता आधारित एकत्रीकरण (यूएलए) मॉडल के तहत भेजा गया है। योजना में पांच लाख घरों में से 50 प्रतिशत पर एक किलोवाट और शेष 50 प्रतिशत पर दो किलोवाट के संयंत्र लगेंगे। क्रियान्वयन उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल), उसकी वितरण कंपनियों और उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) के समन्वय से होगा।
रूफटॉप सोलर में यूपी पहले स्थान पर
सरकार का कहना है कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत संचयी रूफटॉप सोलर स्थापनाओं में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश में अब तक कुल 9,62,866 रूफटॉप सौर संयंत्र लग चुके हैं। इसका उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ना, बिजली बिल घटाना और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे योजना की अंतिम तिथि 31 मार्च 2027 से पहले आधिकारिक पीएम सूर्य घर पोर्टल पर आवेदन करें। पात्र लाभार्थी अधिकतम 1.08 लाख रुपये की केंद्रीय एवं राज्य सब्सिडी का लाभ लेकर अपने घर पर संयंत्र लगवा सकते हैं।
यह भी पढ़ें
विभाग का मानना है कि छतों पर सौर ऊर्जा की संभावना और उपभोक्ताओं के बढ़ते उत्साह को देखते हुए यह नया प्रस्ताव प्रदेश की सौर क्षमता को और तेजी से बढ़ाएगा।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




