UP

यीडा में जीबीसी 5.0 के लिए 36,867 करोड़ की परियोजनाएं तैयार, 53 हजार से अधिक रोजगार की संभावना

लखनऊ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी)-5.0 के लिए तैयार परियोजनाओं का निवेश निर्धारित लक्ष्य से आगे निकल गया है। 30,000 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 36,867.42 करोड़ रुपये की परियोजनाएं तैयार हैं। इनसे कुल 53,032 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

सीधे आवंटन के माध्यम से 27 कंपनियों की परियोजनाओं से 33,981 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश और करीब 30 हजार रोजगार प्रस्तावित है। सौर ऊर्जा क्षेत्र में एसएईएल सोलर पी6 प्राइवेट लिमिटेड का 8,000 करोड़ का निवेश सबसे बड़ा प्रस्ताव है, जिससे करीब 5,000 रोजगार मिल सकते हैं। एस्कॉर्ट्स कुबोटा 4,500 करोड़ और 4,000 रोजगार, सीईएससी ग्रीन पावर (आरपी-संजीव गोयनका समूह) 3,805 करोड़, एचसीएल-फॉक्सकॉन 3,700 करोड़, अंबर एंटरप्राइजेज 3,532 करोड़ और एसेंट-के सर्किट 3,250 करोड़ के प्रस्ताव के साथ आगे हैं।

इलेक्ट्रॉनिक्स से डेयरी तक का फैलाव

इंटीग्रेटेड बैटरीज इंडिया 1,146 करोड़, पाइन वैली वेंचर्स 1,080.82 करोड़, हैवेल्स इंडिया 800 करोड़ और मिंडा कॉरपोरेशन की दो परियोजनाएं (523 और 508 करोड़) भी सूची में हैं। मेडिकल उपकरण क्षेत्र में पालीमेडिक्योर, टीआई मेडिकल और प्रीमियर मेडिकल सिस्टम्स के निवेश शामिल हैं। पराग डेयरी का 300 करोड़ का प्रस्ताव डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण को मजबूती देगा।

सीधे आवंटन के अलावा विभिन्न औद्योगिक योजनाओं के तहत 150 आवंटन भी जीबीसी-5.0 के लिए तैयार हैं। इनसे करीब 3,000 करोड़ का निवेश और 23 हजार से अधिक रोजगार का अनुमान है। इनमें अपैरल पार्क, जनरल एवं एमएसएमई क्षेत्र, टॉय पार्क और छोटे-बड़े औद्योगिक भूखंड शामिल हैं।

सरकार का कहना है कि उद्योग अनुकूल नीति, पारदर्शी प्रक्रिया और बेहतर कनेक्टिविटी के चलते इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, सोलर, बैटरी, मेडिकल डिवाइस, टेक्सटाइल और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों की कंपनियां यीडा की ओर आकर्षित हो रही हैं।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button