रामपुर के बाद चार जिले फाइलेरिया मुक्त होने की कगार पर, 19 नवंबर से 16 जिलों में दवा अभियान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में फाइलेरिया उन्मूलन अंतिम दौर में है। राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए.के. चौधरी ने मंगलवार को राजधानी में मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला में बताया कि कभी 51 जिलों के 782 ब्लॉक तक फैली यह बीमारी अब सिमट गई है। रामपुर फाइलेरिया मुक्त घोषित हो चुका है। वाराणसी, आजमगढ़, मऊ और महोबा भी मुक्त होने की कगार पर हैं।
19 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक 16 जिलों के 53 ब्लॉक में सर्वजन दवा सेवन अभियान (एमडीए) चलेगा। लक्ष्य 90 प्रतिशत से अधिक लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाना है। 412 ब्लॉक अब नॉन-एंडेमिक हैं। 149 ब्लॉक में नाइट ब्लड सर्वे में संक्रमण काफी कम मिला। इस वर्ष केवल 117 ब्लॉक में एमडीए की जरूरत पड़ी- फरवरी में 64 और नवंबर में 53।
6,500 गांव, 2,680 टीमें और 8,730 आशा
अभियान कानपुर नगर, उन्नाव, कानपुर देहात, चित्रकूट, सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, प्रयागराज, गोण्डा, हरदोई, कन्नौज, बलिया, फर्रुखाबाद, फतेहपुर और कौशांबी में चलेगा। सबसे अधिक ब्लॉक फतेहपुर (11), फिर सीतापुर (10) और कानपुर देहात (7) के हैं। 6,500 गांवों के लिए 2,680 टीमें और 8,730 आशा तैनात हैं। 859 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर भी दवा उपलब्ध रहेगी। टीमें घर-घर जाकर लोगों को अपने सामने दवा खिलाएंगी।
इन जिलों में 1,91,487 ऐसे लोगों की सूची है, जिन्होंने कभी दवा नहीं खाई, 5,38,351 प्रवासी और 3,31,368 वे लोग हैं, जिन्होंने पहले दवा लेने से इनकार किया था। इन्हें इस बार विशेष रूप से कवर किया जाएगा। निदेशक डॉ. रेखा रानी ने कहा कि उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग का काम नहीं, स्थानीय निकायों, स्कूलों, पंचायतों और सामुदायिक संगठनों की भागीदारी जरूरी है। कार्यशाला सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफार) के सहयोग से हुई।
यह भी पढ़ें
डॉ. चौधरी का कहना है कि अगर इस दौर में 90 प्रतिशत से अधिक कवरेज मिला, तो संक्रमण और घटेगा और प्रदेश फाइलेरिया मुक्ति के और करीब पहुंच जाएगा।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




