केजीएमयू प्रोफेसर पर रेजिडेंट को ‘विशेष लाभ’ देने का आरोप
फैकल्टी ने डीन से की जांच और कार्रवाई की मांग

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के दो फैकल्टी मेम्बर ने अपने ही एचओडी पर पीजी रेजिडेंट को नियमों से हटकर लाभ देने का आरोप लगाया है। डीन को पत्र लिखकर फैकल्टी मेम्बर ने इस मामले में जरूरी कार्रवाई की मांंग की है। फैकल्टी का कहना है कि ऐसा करने से विभाग में गलत परम्परा पड़ सकती है।
प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रो. बृजेश मिश्रा व प्रो. दिव्य नारायण उपाध्याय ने डीन, फैकल्टी ऑफ मेडिसिन को लेटर भेजकर शिकायत करते हुए हस्तक्षेप की बात कही है। शिकायत की प्रति एग्जाम कंट्रोलर और केजीएमयू कुलपति (VC) को भी भेजी गई है। शिकायती पत्र में विभाग की परीक्षा व्यवस्था, प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता, इंटरनल असेसमेंट के अंकों के सत्यापन और गोल्ड मेडल देने के मानकों पर सवाल उठाए गए हैं। फैकल्टी ने विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार पर आरोप लगाया कि उन्होंने पीजी रेजिडेंट को प्रेफरेंशियल अकादमिक असिस्टेंस दिया है। आरोप यह भी है कि उक्त रेजिडेंट को निजी तौर पर पढ़ाने के साथ परीक्षा से पहले प्रश्नों की जानकारी भी दी जा रही थी। पत्र में कहा है कि इस तरह की आशंकाओं से विभाग के अन्य रेजिडेंट्स के बीच परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर अविश्वास पैदा होता है।
एचओडी को प्रश्न-पत्र देने से किया इनकार
शिकायती पत्र में परीक्षा की गोपनीयता को लेकर किए गए इस कार्य के बाद विभाग के दो फैकल्टी ने इंटरनल परीक्षा से पहले अपने प्रश्न-पत्र विभागाध्यक्ष को सौंपने से इनकार कर दिया। उन्होंने प्रश्न-पत्र स्वयं तैयार किए और उत्तर-पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी स्वतंत्र रूप से किया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह कदम परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया, ताकि किसी भी रेजिडेंट को परीक्षा से पहले अनुचित लाभ मिलने की आशंका न रहे।
फैकल्टी को दिखाए बिना भेज दी असेसमेंट रिपोर्ट
इंटरनल असेसमेंट की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, प्रश्न-पत्र तैयार करने और मूल्यांकन में शामिल फैकल्टी सदस्यों को कंसोलिडेटेड इंटरनल असेसमेंट रिपोर्ट नहीं दिखाई गई। आरोप है कि रिपोर्ट सीधे रेजिडेंट्स को दिखाई गई, उनसे हस्ताक्षर कराए गए और अंतिम अंक आगे भेज दिए गए। शिकायतकर्ताओं ने कहा है कि अंतिम अंकों को सत्यापित करने या समीक्षा करने का मौका नहीं मिलने से मूल्यांकन की सटीकता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
गोल्ड मेडल के मानकों को स्पष्ट करने की मांग
प्लास्टिक सर्जरी विभाग में गोल्ड मेडल प्रदान करने की प्रक्रिया और पात्रता मानकों को लेकर भी शिकायत में स्पष्टता मांगी गई है। प्रोफेसरों ने मांग की है कि गोल्ड मेडल के लिए पात्रता, मूल्यांकन के मानक, विभिन्न परीक्षाओं और असेसमेंट का वेटेज तथा चयन प्रक्रिया लिखित रूप में निर्धारित कर सभी फैकल्टी सदस्यों और पीजी रेजिडेंट्स को उपलब्ध कराई जाए।
डीन से चार मांगें
दोनों प्रोफेसरों ने डीन से मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कराने, जांच पूरी होने तक विभागाध्यक्ष को प्रश्न-पत्र मॉडरेशन की प्रक्रिया से अलग रखने, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और सभी मूल्यांकन नियमों को लिखित रूप में जारी करने की मांग की है।
प्लास्टिक सर्जरी जैसे सुपर-स्पेशियलिटी विभाग में इंटरनल असेसमेंट और परीक्षा के अंक रेजिडेंट्स की अकादमिक प्रगति, रैंकिंग और गोल्ड मेडल की पात्रता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में शिकायत के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें




