UPHealth

केजीएमयू क्वीन मैरी अस्पताल का 94वां स्थापना दिवस: 10 महीनों में 6,664 प्रसव, 16,359 सर्जरी; गंभीर मरीजों में 86% की बची जान

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के क्वीन मैरी अस्पताल (प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग) ने 20 नवंबर 2026 को अपना 94वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। 4 नवंबर 1932 को स्थापित यह अस्पताल देश के सबसे बड़े प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागों में गिना जाता है, जहां हर साल करीब 10 हजार प्रसव होते हैं और बड़ी संख्या में जटिल गर्भावस्था वाले मामलों का इलाज किया जाता है।

समारोह में हर साल होने वाला प्रतिष्ठित डॉ. प्रभा मेहरा ओरेशन इस बार पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. वनिता जैन ने दिया। उनके व्याख्यान का विषय था “सुश्रुत से दा विंची तक: एक मंत्रमुग्ध कर देने वाली यात्रा”।

दस महीनों में 6,664 प्रसव और 16,359 सर्जरी

विभागाध्यक्ष प्रो. अंजू अग्रवाल ने विभाग की वार्षिक रिपोर्ट पेश की। उन्होंने बताया कि केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद के मार्गदर्शन में जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच विभाग ने मरीजों की देखभाल, शोध और ढांचागत सुधार में कई अहम लक्ष्य हासिल किए। इन दस महीनों में विभाग की ओपीडी में 77,005 मरीज देखे गए, 6,664 बच्चों का जन्म हुआ और 16,359 सर्जरी की गईं।

प्रो. अग्रवाल ने बताया कि विभाग में प्रदेश के सभी हिस्सों और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में रेफर होकर मरीज आते हैं, जिनमें से कई बेहद गंभीर हालत में पहुंचते हैं। वर्ष 2025 में 1,431 मरीजों को वेंटिलेटर सपोर्ट और आईसीयू देखभाल की जरूरत पड़ी, जिनमें कई को डायलिसिस और अन्य मल्टी-ऑर्गन सपोर्ट भी देना पड़ा। इनमें से 84.2 प्रतिशत मरीजों की जान बचाई गई। वर्ष 2026 में अब तक ऐसे 1,526 गंभीर मरीज भर्ती हुए, जिनमें से 86.23 प्रतिशत को बचा लिया गया। इस दौरान टीम ने 78 शोध पत्र प्रकाशित किए और 36 अध्ययन अभी चल रहे हैं।

रोबोटिक सर्जरी से लेकर कंगारू मदर केयर वार्ड तक

चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में विभाग ने रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत की और तीन सफल हिस्टेरेक्टॉमी की गईं। विभाग में कोविड के बाद पहले आईवीएफ शिशु का जन्म हुआ और पहली टीईएसए (TESA) फर्टिलिटी प्रक्रिया भी की गई, जिससे सफल गर्भधारण हुआ। प्रसव के दौरान दर्द निवारण सेवाओं को बेहतर किया गया, नवजात शिशुओं के लिए नया कंगारू मदर केयर (केएमसी) वार्ड खोला गया, नया लेप्रोस्कोपी सिस्टम जोड़ा गया और अस्पताल में ही आर्टेरियल ब्लड गैस (एबीजी) जांच की सुविधा शुरू की गई।

मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए 5 जनवरी 2026 को नवीनीकृत रैन बसेरा शुरू किया गया। भूतल पर भीड़ कम करने के लिए पहली मंजिल पर अतिरिक्त सैंपल कलेक्शन सेंटर और क्लीयरेंस काउंटर बनाए गए। स्त्री रोग और प्रसव पूर्व जांच (एंटीनेटल) ओपीडी को सेंट्रल एयर कंडीशंड किया गया और टोकन सिस्टम लागू किया गया।

डॉ. स्तुति कुलश्रेष्ठ को मोस्ट ह्यूमेन रेजिडेंट अवॉर्ड

समारोह में फैकल्टी, सीनियर रेजिडेंट, प्रथम वर्ष के जूनियर रेजिडेंट और नर्सिंग स्टाफ की वोटिंग से चुनी गई तृतीय वर्ष की जूनियर रेजिडेंट डॉ. स्तुति कुलश्रेष्ठ को डॉ. पी. एल. महाजन मोस्ट ह्यूमेन रेजिडेंट अवॉर्ड दिया गया। नियमितता और उपस्थिति के लिए डॉ. कीर्ति चौधरी, डॉ. सुरभि पटेल और डॉ. वर्षिता जे. को भी सम्मानित किया गया। मरीजों की सेवा में समर्पण के लिए श्रीमती शिल्पी (एएनएस), नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती वंदना शुक्ला, वरिष्ठ प्रशासनिक सहायक श्री दिनेश चंद्र, रिकॉर्ड क्लर्क श्री दीपक कश्यप और श्री राजा को सम्मान मिला। इस साल शुरू किया गया सबसे स्वच्छ वार्ड का पुरस्कार एमसीएच प्रथम तल के पोस्टनेटल वार्ड को दिया गया।

स्थापना दिवस समारोह के तहत विभाग ने स्नातकोत्तर छात्रों और निजी चिकित्सकों के लिए पॉक्सो (POCSO) मामलों से जुड़ी मरीजों के प्रबंधन पर एक जानकारीपूर्ण कार्यशाला भी आयोजित की।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button