रीमान परिकल्पना हल होने का दावा: एंथ्रोपिक के गणितज्ञ बोले- एआई ‘क्लॉड’ की मदद से सुलझाई गणित की 167 साल पुरानी सबसे बड़ी पहेली

गणित की सबसे मशहूर और सबसे कठिन मानी जाने वाली पहेली ‘रीमान परिकल्पना’ (Riemann Hypothesis) के हल होने का दावा किया गया है। अमेरिका की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी एंथ्रोपिक के गणितज्ञ लेवेंट अल्पोगे ने शुक्रवार, 20 नवंबर को कहा कि उन्होंने कंपनी के एआई मॉडल ‘क्लॉड’ की मदद से इसका प्रमाण खोज लिया है। अपनी वेबसाइट पर जारी चार पन्नों के नोट में उन्होंने लिखा, “मेरा मानना है कि मैंने क्लॉड के साथ काम करते हुए रीमान परिकल्पना का प्रमाण खोज लिया है।”
यह सवाल 1859 से अनसुलझा था। अगर दावा जांच में सही निकलता है तो यह आधुनिक गणित की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जाएगा। हालांकि अभी बाहरी विशेषज्ञों ने इस प्रमाण की पूरी समीक्षा नहीं की है।
क्या है रीमान परिकल्पना, जिस पर 10 लाख डॉलर का इनाम है
यह परिकल्पना जर्मन गणितज्ञ बर्नहार्ड रीमान ने 1859 में रखी थी। इसका संबंध अभाज्य संख्याओं (प्राइम नंबर) से है, यानी वे संख्याएं जो सिर्फ 1 और खुद से विभाजित होती हैं, जैसे 2, 3, 5, 7, 11। रीमान ने पाया कि इन संख्याओं के फैलाव का राज ‘रीमान जीटा फंक्शन’ नाम के एक गणितीय फलन के शून्यों (जीरोज) में छिपा है। उनका अनुमान था कि कुछ सामान्य मामलों को छोड़कर ये सभी शून्य एक ही सीधी रेखा पर पड़ते हैं।
क्ले मैथमेटिक्स इंस्टीट्यूट ने साल 2000 में जिन सात ‘मिलेनियम प्राइज प्रॉब्लम्स’ को चुना था, उनमें यह भी शामिल है। हर समस्या के हल पर 10 लाख डॉलर का इनाम है, लेकिन नियमों के मुताबिक हल किसी समीक्षित जर्नल में छपना चाहिए और दो साल तक जांच में खरा उतरना चाहिए। संयोग यह भी है कि इसी साल सितंबर में रीमान के जन्म के 200 साल पूरे हुए हैं।
ढाई लाख पन्नों का प्रमाण, 1.7 करोड़ लाइनों का कोड
अल्पोगे का कहना है कि उनका तरीका इस परिकल्पना के बड़े रूप ‘जनरलाइज्ड रीमान हाइपोथिसिस’ को भी हल करता है। उन्होंने क्लॉड की मदद से प्रमाण का एक संस्करण ‘लीन’ प्रोग्रामिंग भाषा में तैयार किया है, जिसमें लिखे गणितीय तर्क की हर कड़ी को कंप्यूटर खुद जांच सकता है। फिलहाल उन्होंने करीब 1.7 करोड़ लाइनों का यही संस्करण जारी किया है। उनके मुताबिक पूरा लिखित प्रमाण ढाई लाख पन्नों से भी ज्यादा लंबा होगा।
अल्पोगे ने माना कि इसमें इस्तेमाल हुए पूरे गणित पर उनकी अभी पूरी पकड़ नहीं है और वे इसे ठीक से लिखकर सामने रखेंगे। उन्होंने बताया कि ऐलान से पहले उन्होंने एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई से सलाह ली थी। समाचार एजेंसी एएफपी ने एक्स पर यह खबर साझा की:
A researcher at AI company Anthropic said Friday that he had used the firm's Claude chatbot to prove the Riemann Hypothesis, a problem that has eluded mathematicians for more than 160 years.https://t.co/enybex5dm1 pic.twitter.com/M3fsNOni5W
— AFP News Agency (@AFP) November 20, 2026
दिग्गज गणितज्ञ बोले- सही निकला तो ऐतिहासिक
रीमान परिकल्पना के जाने-माने विशेषज्ञ ब्रायन कॉनरी ने इसे “मानव इतिहास का एक विराट क्षण” बताया और कहा, “यह शायद गणित में अब तक हुई सबसे बड़ी घटना है।” हालांकि उन्होंने साफ किया कि उन्होंने अभी पूरा प्रमाण नहीं देखा है। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के फील्ड्स मेडल विजेता जेम्स मेनार्ड ने कहा कि अगर यह पूरी तरह जांच में खरा उतरता है तो यह गणित में ऐतिहासिक मील का पत्थर होगा। मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी के थॉमस ब्लूम के मुताबिक, सही होने पर यह एआई की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी, लेकिन दावा जितना बड़ा है, सावधानी भी उतनी ही जरूरी है।
कंप्यूटर जांच में अब तक कोई गड़बड़ी नहीं
दावे के कुछ ही घंटों में दूसरे गणितज्ञों ने जांच शुरू कर दी। मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) के एंड्रयू सदरलैंड समेत कई स्वतंत्र शोधकर्ताओं ने लीन कोड को अलग से चलाया और यह बिना त्रुटि के पूरा हुआ। सदरलैंड ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो इसमें कुछ गड़बड़ होने की संभावना लगभग शून्य है।”
फिर भी कुछ सवाल बाकी हैं। इंपीरियल कॉलेज लंदन के केविन बजर्ड का कहना है कि देखना होगा कि कोड में साबित किया गया प्रमेय असल रीमान परिकल्पना ही है या उससे थोड़ा अलग कोई कथन। इसके लिए एक और कंप्यूटर जांच चल रही है। वहीं मॉन्ट्रियल यूनिवर्सिटी के एंड्रयू ग्रैनविल ने अल्पोगे के दस्तावेज को उलझा हुआ बताया और इसके समय को एंथ्रोपिक के शेयरों में आई गिरावट से जोड़ा। यह ऐलान शेयर बाजार में कंपनी की रिकॉर्ड लिस्टिंग के एक दिन बाद आया है। अल्पोगे ने अपने नोट में लिखा, “समय को लेकर संदेह वाली एक स्वाभाविक सोच बनती है, लेकिन वह गलत है।”
स्टैनफोर्ड से भी आया दावा
इसी बीच अमेरिकन मैथमेटिकल सोसाइटी के अध्यक्ष और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर रवि वकील ने कहा कि उनके विभाग के युवा गणितज्ञ एलेसांद्रो मसुल्लो ने बिना एआई की मदद के इसका अलग प्रमाण तैयार किया है। हालांकि स्टैनफोर्ड के गणितज्ञ ब्रायन कॉनराड के मुताबिक उस प्रमाण में अभी बड़े बदलाव चल रहे हैं। दो महीने पहले ओपनएआई ने भी दावा किया था कि उसके एआई मॉडल ने तरल पदार्थों की गति से जुड़ी एक और मिलेनियम प्राइज प्रॉब्लम हल कर दी है। अब दुनिया भर के गणितज्ञों की नजर रीमान प्रमाण की अंतिम जांच पर टिकी है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें



