HealthIndia

National Pharmacy Week 2026: स्वच्छता और जिम्मेदार दवा उपयोग से ही AMR पर लगेगी रोक – सुनील यादव

फार्मेसी विद्यार्थियों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान का अग्रदूत बनने का आह्वान

लखनऊ। एंटीबायोटिक का अनावश्यक एवं अनियमित उपयोग, संक्रमण की रोकथाम में लापरवाही और दवाओं के प्रति जागरूकता का अभाव आज वैश्विक स्वास्थ्य के सामने गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। यदि अभी से सावधानी नहीं बरती गई तो भविष्य में सामान्य संक्रमण, छोटी सर्जरी, मामूली चोट और सामान्य बीमारियों का उपचार भी अत्यंत कठिन हो सकता है। एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) केवल चिकित्सा जगत की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज और आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है। इसके नियंत्रण के लिए स्वच्छता, संक्रमण की रोकथाम, टीकाकरण तथा एंटीमाइक्रोबियल औषधियों के विवेकपूर्ण उपयोग को जन-आंदोलन बनाना आवश्यक है।

यह विचार स्टेट फार्मेसी काउंसिल उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन एवं फार्मासिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील यादव ने नेशनल फार्मेसी वीक 2026 के अवसर पर TRC महाविद्यालय में आयोजित उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

National Pharmacy Week 2026: स्वच्छता और जिम्मेदार दवा उपयोग से ही AMR पर लगेगी रोक – सुनील यादव
Suneel Yadav

उन्होंने बताया कि 15 से 21 नवंबर तक मनाए जा रहे 65वें नेशनल फार्मेसी वीक का आयोजन फार्मेसी क्षेत्र की भूमिका को जनस्वास्थ्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस वर्ष भारतीय फार्मास्युटिकल एसोसिएशन की थीम “Empowering Pharmacists for Healthier Future” है, जबकि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया ने इसके व्यापक अभियान को “स्वस्थ भारत: Combating Antimicrobial Resistance (AMR)” से जोड़ा है।

सुनील यादव ने कहा कि AMR वह स्थिति है जब बैक्टीरिया, वायरस, फंगस और परजीवी जैसे सूक्ष्मजीवों में बदलाव होने के कारण उन पर प्रभावी रहने वाली दवाएं अपना असर खोने लगती हैं। इसके परिणामस्वरूप संक्रमण का उपचार कठिन, लंबा और महंगा हो सकता है तथा गंभीर मामलों में मृत्यु का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एंटीबायोटिक केवल बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमणों के उपचार में उपयोगी होती हैं, सामान्य वायरल सर्दी-जुकाम और फ्लू में इनका कोई लाभ नहीं होता।

उन्होंने कहा कि चिकित्सक की सलाह के बिना एंटीबायोटिक लेना, निर्धारित खुराक एवं अवधि का पालन न करना, बची हुई दवाओं का दोबारा उपयोग करना, दूसरों की दवाएं लेना और अनावश्यक रूप से एंटीबायोटिक का प्रयोग करना AMR की समस्या को बढ़ावा देता है। यह भी आवश्यक है कि दवाओं का उचित भंडारण किया जाए और एक्सपायरी तथा गुणवत्ता संबंधी मानकों का पालन हो।

सुनील यादव ने फार्मेसी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फार्मासिस्ट केवल दवा उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि मरीजों को औषधियों के सुरक्षित एवं तर्कसंगत उपयोग के प्रति शिक्षित करने वाला महत्वपूर्ण स्वास्थ्यकर्मी है। प्रत्येक फार्मासिस्ट की जिम्मेदारी है कि वह मरीजों को एंटीबायोटिक के सही उपयोग, निर्धारित खुराक, उपचार की अवधि और दवाओं के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करे। फार्मेसी संस्थानों को भी पोस्टर, स्लोगन, रैली, नुक्कड़ नाटक, क्विज, संगोष्ठी और सोशल मीडिया के माध्यम से AMR जागरूकता अभियान चलाने चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि AMR की रोकथाम में स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका है। नियमित हाथ धोना, सुरक्षित पेयजल, स्वच्छ भोजन, अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण, उचित सैनिटेशन और समय से टीकाकरण संक्रमण की संभावना को कम करते हैं। पशुओं में भी एंटीमाइक्रोबियल औषधियों का अनावश्यक उपयोग रोकना आवश्यक है, क्योंकि मानव, पशु और पर्यावरण का स्वास्थ्य आपस में जुड़ा हुआ है। औषधियों एवं एंटीमाइक्रोबियल अपशिष्ट का सुरक्षित निस्तारण भी पर्यावरण में प्रतिरोधी सूक्ष्मजीवों के प्रसार को रोकने के लिए जरूरी है।

फार्मासिस्ट फेडरेशन की ओर से आमजन के लिए प्रमुख अपील:

1. चिकित्सक की सलाह और वैध नुस्खे के बिना एंटीबायोटिक का सेवन न करें।
2. सर्दी-जुकाम, खांसी एवं वायरल बुखार में स्वयं एंटीबायोटिक न लें।
3. चिकित्सक द्वारा निर्धारित खुराक और उपचार अवधि का पालन करें।
4. बची हुई एंटीबायोटिक दवाओं का दोबारा उपयोग या दूसरों के साथ साझा न करें।
5. नियमित रूप से साबुन से हाथ धोएं तथा व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक स्वच्छता बनाए रखें।
6. बच्चों और वयस्कों का आवश्यक टीकाकरण समय से कराएं।
7. पशुओं में एंटीबायोटिक का उपयोग केवल पशु चिकित्सक की सलाह पर करें।
8. दवाओं एवं मेडिकल अपशिष्ट का उचित निस्तारण करें।

फार्मासिस्ट फेडरेशन के महामंत्री अशोक कुमार ने कहा कि मानव स्वास्थ्य, पशु स्वास्थ्य और पर्यावरण एक-दूसरे से जुड़े हैं। इसलिए AMR की चुनौती से निपटने के लिए One Health दृष्टिकोण अपनाना होगा। इसमें चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, पशु चिकित्सकों, नर्सिंग एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के साथ आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

फार्मासिस्ट फेडरेशन की साइंटिफिक कमेटी के चेयरमैन प्रोफेसर हरलोकेश ने बताया कि फेडरेशन द्वारा AMR विषय पर विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रम, जागरूकता गतिविधियां एवं वेबिनार आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य फार्मेसी विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों और आमजन को एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग तथा संक्रमण की रोकथाम के प्रति जागरूक करना है।

अंत में सुनील यादव ने कहा कि “आज यदि हम एंटीबायोटिक का दुरुपयोग रोकेंगे, स्वच्छता अपनाएंगे और संक्रमण की रोकथाम को अपनी आदत बनाएंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रभावी दवाओं को सुरक्षित रख सकेंगे। दवाओं को प्रभावी बनाए रखना केवल सरकार या स्वास्थ्यकर्मियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। आइए, स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए AMR के विरुद्ध मिलकर कदम बढ़ाएं।”

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button