Health

आयुष्मान: आईसीयू में इलाज के नाम पर नहीं चलेगी मनमानी

लखनऊ। अस्पताल में मरीज को आईसीयू में भर्ती करने की जरूरत वास्तव में थी या नहीं और इलाज के नाम पर क्लेम में कोई गड़बड़ी तो नहीं की गई। इन सब मामलों की पड़ताल के लिए आयुष्मान योजना में सूचीबद्ध निजी अस्पतालों की आईसीयू (intensive care unit) का विशेष ऑडिट कराया जाएगा।

स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आयुष्मान योजना में सूचीबद्ध निजी अस्पतालों की आईसीयू सुविधाओं का विशेष ऑडिट कराया जा रहा है। ऑडिट एजेंसियों को 30 नवंबर तक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGSH) की वर्ष 2026 की नई गाइडलाइन को ऑडिट का आधार बनाया गया है। इसमें आईसीयू के बुनियादी ढांचे, चिकित्सा उपकरणों, मानव संसाधन, क्लीनिकल सेवाओं, नर्सिंग देखभाल और संक्रमण नियंत्रण के न्यूनतम मानक तय किए गए हैं।

तीन स्तरों में बांटे गए आईसीयू

केंद्र की नई गाइडलाइन में मरीजों की गंभीरता और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता के आधार पर आईसीयू को तीन स्तरों में बांटा गया है।
लेवल-1 आईसीयू में ऐसे मरीजों को रखा जाता है, जिन्हें किसी एक अंग की कार्यक्षमता प्रभावित होने पर सामान्य स्तर की निगरानी की जरूरत होती है।

लेवल-2 आईसीयू में दो या उससे अधिक अंगों की कार्यक्षमता प्रभावित होने वाले गंभीर मरीजों को लगातार निगरानी और सक्रिय चिकित्सा सहायता दी जाती है।

लेवल-3 आईसीयू सबसे गंभीर मरीजों के लिए निर्धारित है। इसमें मल्टी-ऑर्गन फेल्योर यानी एक से अधिक अंगों के काम करना बंद करने की स्थिति वाले मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सहायता दी जाती है।

वेंटिलेटर, ऑक्सीजन और ब्लड बैंक तक की होगी जांच

ऑडिट एजेंसियां अस्पतालों में आईसीयू की वास्तविक क्षमता और उपलब्ध संसाधनों का आकलन करेंगी। इसमें आईसीयू के प्रत्येक बेड के लिए निर्धारित जगह, वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मॉनिटर, ऑक्सीजन आपूर्ति और सक्शन सुविधाओं की उपलब्धता जांची जाएगी। इसके साथ ही डॉक्टरों की योग्यता, उनकी उपलब्धता, मरीजों के अनुपात में नर्सिंग स्टाफ की तैनाती और 24 घंटे चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था भी परखी जाएगी। प्रयोगशाला, ब्लड बैंक, एंबुलेंस सेवा और संक्रमण नियंत्रण के इंतजामों का भी आकलन होगा। अस्पताल जिस स्तर की आईसीयू सुविधा का दावा कर रहे हैं, वहां उसी अनुरूप संसाधन और प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हैं या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी।

मरीज के भर्ती रिकॉर्ड और इलाज पर भी नजर

ऑडिट के दौरान आईसीयू में मरीजों को भर्ती करने की जरूरत, उनकी बीमारी की गंभीरता और उपचार संबंधी रिकॉर्ड का भी आकलन किया जाएगा। इससे अनावश्यक आईसीयू भर्ती, उपचार के नाम पर अतिरिक्त खर्च और अनुचित क्लेम बुकिंग जैसी संभावित अनियमितताओं की पहचान करने में मदद मिलेगी। यदि किसी अस्पताल में आईसीयू संचालन के लिए निर्धारित उपकरण, योग्य डॉक्टर या प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध नहीं पाया जाता है, तो ऑडिट रिपोर्ट में ऐसी कमियों को स्पष्ट रूप से चिह्नित किया जाएगा।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button