Health

केजीएमयू: अफसर पता लगा रहे मीडिया तक कैसे पहुंचा शिकायती पत्र

प्लास्टिक सर्जरी फैकल्टी ने डीन से की है HOD की शिकायत

लखनऊ। केजीएमयू प्रशासन प्लास्टिक सर्जरी विभाग में सीनियर रेजिडेंट को परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र बताने और उसे अनुचित लाभ पहुंचाने के मामले को दबाना चाहता है। विभाग के एचओडी पर लगे गंभीर आरोपों की जांच और कार्रवाई करने के बजाय जिम्मेदार शिकायतकर्ता को ही फटकार रहे हैं। फिलहाल कैम्पस में इस बात को लेकर आरोप प्रत्यारोप चल रहे हैं कि गोपनीय शिकायती पत्र मीडिया तक कैसे पहुंचा। सोमवार को एक मैराथन बैठक के बाद यह तय हुआ कि सभी लोग मामले को दबाने की दिशा में कार्य करें।
कुछ माह पूर्व की बात है जब केजीएमयू में धर्मांतरण का मामला उजागर हुआ था। एसटीएफ की जांच में कई गंभीर आरोप केजीएमयू की फैकल्टी पर लगे। चिविवि प्रशासन को लापरवाही और शिकायतों की अनदेखी का आरोपी बताया गया। इस घटना से सबक लेने के बजाय केजीएमयू प्रशासन इस बार परीक्षा के प्रश्न पत्र को लेकर बरती गई लापरवाही की अनदेखी में जुटा है।

मालूम हो कि प्लास्टिक सर्जरी विभाग के दो फैकल्टी मेम्बर ने अपने एचओडी पर आरोप लगाया कि उन्होंने एक सीनियर रेजिडेंट का अनुचित लाभ पहुंचाया। इतना ही नहीं यह भी कहा गया कि उन्होंने परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र उक्त रेजिडेंट को दिखा दिए और उसे निजी तौर पर क्लास भी दी। बताया जा रहा है कि एचओडी की रेजिडेंट पर विशेष कृपा रही जिस कारण उसने परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया। अब फैकल्टी ने जब लिखित तौर पर इस गड़बड़ी को उजागर कर दिया तब भी केजीएमयू प्रशासन इस पर ध्यान देने को तैयार नहीं। आरोप है कि सोमवार को शिकायतकर्ताओं को उच्च अधिकारियों ने बुलाया और फटकार लगाई। अफसर यह नहीं जानना चाहते कि पत्र में जो आरोप लगाए गए हैं उसमें कितनी सच्चाई है। वो जानने में अधिक रूचि ले रहे हैं कि शिकायती पत्र मीडिया में कैसे लीक हुआ। ऐसा माना जा रहा है कि केजीएमयू प्रशासन प्लास्टिक सर्जरी विभाग में हुई इस घटना को दबाना चाहता है।

जानिए क्या है पूरा मामला

प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रो. बृजेश मिश्रा व प्रो. दिव्य नारायण उपाध्याय ने डीन, फैकल्टी ऑफ मेडिसिन को शिकायत पत्र लिखकर एचओडी पर पीजी रेजिडेंट को नियमों से हटकर लाभ देने का आरोप लगाया है। शिकायती पत्र में विभाग की परीक्षा व्यवस्था, प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता, इंटरनल असेसमेंट के अंकों के सत्यापन और गोल्ड मेडल देने के मानकों पर सवाल उठाए गए हैं। फैकल्टी ने विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार पर आरोप लगाया कि उन्होंने पीजी रेजिडेंट को प्रेफरेंशियल अकादमिक असिस्टेंस दिया है। आरोप यह भी है कि उक्त रेजिडेंट को निजी तौर पर पढ़ाने के साथ परीक्षा से पहले प्रश्नों की जानकारी भी दी जा रही थी। शिकायतकर्ताओं ने इंटरनल असेसमेंट की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, प्रश्न-पत्र तैयार करने और मूल्यांकन में शामिल फैकल्टी सदस्यों को कंसोलिडेटेड इंटरनल असेसमेंट रिपोर्ट नहीं दिखाई गई। आरोप है कि रिपोर्ट सीधे रेजिडेंट्स को दिखाई गई, उनसे हस्ताक्षर कराए गए और अंतिम अंक आगे भेज दिए गए। प्रोफेसरों ने मांग की है कि गोल्ड मेडल के लिए पात्रता, मूल्यांकन के मानक, विभिन्न परीक्षाओं और असेसमेंट का वेटेज तथा चयन प्रक्रिया लिखित रूप में निर्धारित कर सभी फैकल्टी सदस्यों और पीजी रेजिडेंट्स को उपलब्ध कराई जाए।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button