Health

Yogi Adityanath ने जीवन रक्षक सुविधाओं से लैस 2,554 नई एंबुलेंस का किया फ्लैग ऑफ

सीएम योगी ने बरेली में 933 करोड़ रुपये की 132 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास, झुमके से नहीं अब नाथ कॉरिडोर से है बरेली की पहचान- सीएम योगी,

Bareilly। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर बरेली पहुंचे। सीएम योगी ने यहां 933 करोड़ रुपये की 132 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने अत्याधुनिक जीवन रक्षक सुविधाओं से लैस 2,554 नई एंबुलेंस का फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश के लिए ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत की। साथ ही ‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।

सीएम योगी ने 2,554 नई एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी

स्वास्थ्य को शिक्षा जितना ही महत्वपूर्ण बताते हुए सीएम योगी ने बरेली से ‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ की शुरुआत की। संचारी रोग नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सीएम योगी ने सम्मान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्र संचारी रोगों के प्रति संवेदनशील हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस, बरेली मंडल में मलेरिया, आगरा में डेंगू, वाराणसी में कालाजार और झांसी में चिकनगुनिया जैसी बीमारियां चुनौती रही हैं।

पिछले 8 वर्षों में डबल इंजन सरकार ने इंसेफेलाइटिस को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया है, जिसके चलते गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की मौतें रुक गई हैं। मलेरिया भी लगभग नियंत्रित हो चुका है, लेकिन इसे जड़ से खत्म करने के लिए जागरूकता और अभियान चलाए जा रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि बरेली, बदायूं और पीलीभीत जैसे जनपदों में मलेरिया और डेंगू को रोकने के लिए जलजमाव को खत्म करने, छिड़काव और लार्वा को नष्ट करने के उपाय किए जा रहे हैं। आशा वर्कर और एएनएम घर-घर जाकर स्क्रीनिंग और जागरूकता अभियान चलाएंगे। इसके साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 2,554 नई अत्याधुनिक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। सीएम ने कहा कि 2017 से पहले 108 एंबुलेंस का रिस्पांस टाइम 17-19 मिनट था, जो अब 7 मिनट तक आ गया है। इन नई एंबुलेंस से रिस्पांस टाइम और कम होगा।

प्रदेश में पिछले 8 साल में 44 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज बने हैं- योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि 2017 से पहले 1947 से 2017 तक केवल 12 सरकारी मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन पिछले 8 साल में 44 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज बने हैं। अब प्रदेश में 80 से ज्यादा मेडिकल कॉलेज हैं, जिसमें 36 से ज्यादा निजी क्षेत्र में हैं। हर जिले में डायलिसिस, सीटी स्कैन और टेलीमेडिसिन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उत्तर प्रदेश देश में सबसे ज्यादा आयुष्मान कार्ड जारी करने वाला राज्य बन गया है, जिसके तहत 10 करोड़ लोगों को हर साल 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मिल रहा है।

7,700 से अधिक निराश्रित गोआश्रय में 14 लाख गोवंश की हो रही देखभाल
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 7,700 से अधिक निराश्रित गोआश्रय स्थल खोले गए हैं, जहां 14 लाख गोवंश की देखभाल सरकार कर रही है। शेष गोवंश को अन्नदाता किसानों को सौंपा गया है। सीएम योगी ने कहा कि हर गोवंश के लिए किसानों को 1500 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं। चार गोवंश रखने वाले किसान को 6000 रुपये मासिक अनुदान मिलता है। इससे गोमाता की सेवा का पुण्य भी मिलता है और आर्थिक लाभ भी।

इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने बरेली की पहचान को झुमका के साथ जोड़ा था, हम लोगों ने बरेली को नाथ कॉरिडोर देकर नाथ नगरी को उसकी पौराणिक पहचान दिलाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने बरेली के कॉलेज मैदान में बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा लगाई गई विकास एवं योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सीएम योगी ने इस दौरान युवा उद्यमियों द्वारा लगाए गए उत्पाद की प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया। लोगों को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पिछले 8 वर्षों में बरेली ने एक नई पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि पहले बरेली को झुमके के साथ जोड़ा जाता था, लेकिन हमने इसे नाथ नगरी के रूप में नाथ कॉरिडोर देकर इसकी पौराणिक पहचान दिलाने का काम किया है। आज बरेली स्मार्ट सिटी के रूप में अपनी धमक देश और दुनिया में स्थापित कर रहा है। सीएम योगी ने कहा कि बरेली में अब निवेश का माहौल बन रहा है। डेयरी, मेडिकल और अन्य उद्योगों में निवेश हो रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के तहत युवा उद्यमियों को ऋण वितरण किया। इसके साथ ही बरेली मंडल के पांच दरोगा और सिपाहियों को टैबलेट व स्मार्ट फोन वितरित किया गया। मुख्यमंत्री ने बरेली में बनने वाली एमएसएमई इंडस्ट्रियल टाउनशिप का भी निरीक्षण किया। यह टाउनशिप 113 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जाएगी, जिसमें 150 से अधिक उद्यमियों को प्लॉट मिलेगा, जिससे बरेली में व्यापार और उद्योगों को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर पशुधन एवं विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ अरुण कुमार, प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर,
शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, भाजपा ब्रज प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष, दुर्विजय सिंह शाक्य, बरेली के महापौर डॉक्टर उमेश गौतम, बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार, बरेली के एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, बहोरन लाल मौर्य, बरेली के कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, डॉक्टर डीसी वर्मा, प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल,डॉ राघवेंद्र शर्मा, डॉक्टर एमपी आर्य, आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य मौजूद रहे।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Sunil Yadav

संपादक, और अनुभवी पत्रकार हैं। वे दैनिक जागरण, आईनेक्‍स्‍ट, कैनविज टाइम्‍स और दैनिक जागरण आईनेक्‍स्‍ट से जुड़े रहे हैं। वह मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक ख़बरों, स्वास्थ्य सेवाओं, टेक्‍नोलॉजी से जुड़े विषयों पर लिखते हैं। ट्विटर (X) पर उनसे @sunilyadav21 पर जुड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button