Health

डेंगू से मृत्यु दर में आई  कमी, मलेरिया केस भी घटे

1 से 30 जुलाई तक चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान

Lucknow: प्रदेश में संचारी रोगों (Communicable Diseases) के खिलाफ़ चलाए जा रहे विशेष अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) ने मंगलवार को अलीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि डेंगू (Dengue) से मृत्यु दर वर्ष 2017 में जहां 0.91% थी, वहीं 2024 में यह घटकर मात्र 0.06% रह गई है, जो लगभग 93% की गिरावट दर्शाती है। मलेरिया (Malaria) के मामलों में भी 58% की कमी दर्ज की गई है, जबकि जांच में 6.12% की वृद्धि हुई है।

उन्होंने बताया कि 2017 की तुलना में अब जापानी इंसेफेलाइटिस (JE) व एक्यूट एन्सेफलाइटिस सिंड्रोम (AES) से होने वाली मृत्यु दर में क्रमशः 97% व 98% तक की कमी आई है। डिप्टी सीएम ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 30 जुलाई तक चलेगा, जबकि घर-घर दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई तक होगा। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग सहित कुल 13 विभागों की सहभागिता है।

उनका कहना है कि वर्ष 2017 से पहले स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति किसी से छुपी नहीं थी। आज सरकार आम जन को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं दे रही है। यह परिवर्तन विशेष अभियान और विभिन्न विभागों के समन्वय का परिणाम है।

इस मौके पर विधायक डॉ. नीरज बोरा, पार्षद पृथ्वी गुप्ता, अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. जीपी गुप्ता, महानिदेशक डॉ. रतन पाल सुमन व सीएमओ  डॉ. एनबी सिंह, भी मौजूद रहे।

WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें

Mahima Tiwari

महिमा तिवारी, द कवरेज में सीनियर पत्रकार हैं। पत्रकारिता में 23 साल का अनुभव रखतीं हैं। वह राजनीति, हेल्थ, लाइफ स्‍टाइल और ह्यूमन एंगल स्टोरीज लिखती हैं। महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर भी लिखना पसंद है।

Related Articles

Back to top button