कैंसर की सटीक पहचान और इलाज हुआ आसान, PET Scan और न्यूक्लियर मेडिसिन से मरीजों के लिए जगी नई उम्मीद

लखनऊ: शरीर में पनपने वाले कैंसर की अब और भी सटीक पहचान हो सकेगी। कैंसर की कोशिकाओं ने शरीर के किन-किन अंगों को अपनी चपेट में लिया है, इसका पता लगाना अब आसान हो गया है। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में न्यूक्लियर मेडिसिन कैंसर की जांच और इलाज का एक बेहद प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
यह जानकारी यूपी चैप्टर ऑफ न्यूक्लीयर मेडिसिन फिजिशियन (UP Chapter of Nuclear Medicine Physician) की ओर से आयोजित एक कार्यशाला में विशेषज्ञों ने दी।
PET स्कैन से शुरुआती और सटीक जांच
संजय गांधी पीजीआई (SGPGI) के न्यूक्लीयर मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. पीके प्रधान ने बताया कि पीईटी स्कैन (PET Scan) तकनीक और अत्याधुनिक रेडियोट्रेसर की मदद से कम समय में कैंसर का शुरुआती और सटीक पता लगाना संभव हो गया है। यह तकनीक खास तौर पर प्रोस्टेट कैंसर के मामलों में बहुत कारगर साबित हो रही है, जहां पारंपरिक जांच के तरीके अक्सर सीमित रह जाते हैं। इससे डॉक्टरों को बीमारी की सटीक स्थिति समझने और सही इलाज की योजना बनाने में काफी मदद मिल रही है।
स्वस्थ कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाए बिना इलाज
केजीएमयू (KGMU) के न्यूक्लीयर मेडिसिन विभाग के डॉ. प्रकाश सिंह ने इलाज के क्षेत्र में आई नई संभावनाओं पर बात की। उन्होंने बताया कि टारगेटेड रेडियोन्यूक्लाइड थेरेपी (Targeted Radionuclide Therapy) के जरिए रेडियोधर्मी पदार्थ सीधे कैंसर कोशिकाओं तक पहुंचाए जाते हैं। इससे ट्यूमर पर तो सटीक असर होता है, लेकिन शरीर की स्वस्थ कोशिकाओं को कम से कम नुकसान पहुंचता है। यह तकनीक थायरॉयड और प्रोस्टेट कैंसर के इलाज में विशेष रूप से फायदेमंद है।
हड्डियों के दर्द से राहत और AI का इस्तेमाल
राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) के न्यूक्लीयर मेडिसिन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सत्यवती देशवाल ने बताया कि कैंसर के कारण मरीजों को हड्डियों में होने वाले भयंकर दर्द से राहत दिलाने के लिए ‘बोन पेन पैलिएशन थेरेपी’ एक प्रभावी विकल्प बनकर सामने आई है। इसके अलावा, मेडिकल इमेजिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल से जांच की सटीकता और भी बढ़ गई है।
डॉ. पीके प्रधान बने यूपी चैप्टर के अध्यक्ष इस कार्यशाला के दौरान ‘यूपी चैप्टर ऑफ न्यूक्लीयर मेडिसिन फिजिशियन’ का भी गठन किया गया। सर्वसम्मति से पीजीआई न्यूक्लीयर मेडिसिन विभाग के हेड डॉ. पीके प्रधान को इसका अध्यक्ष चुना गया है। डॉ. प्रकाश सिंह ने बताया कि समिति के बाकी पदाधिकारियों का चयन बाद में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में डॉ. अमिताभ आर्या, पीजीआई के डॉ. अफताब, लोहिया संस्थान की डॉ. सत्यवती, डॉ. अनुराग जैन, डॉ. विकरांत, कमांड हॉस्पिटल के डॉ. असीम, डॉ. विनीत मिश्र, डॉ. नितिन और डॉ. ताहिद प्रमुख रूप से शामिल रहे।




